------------
किसानों की आमदनी दोगुनी करने को जागरूक करेगा ‘रथ’
- दी जाएगी शासन की योजनाओं की जानकारी
- 15-15 दिन झांसी और ललितपुर में घूमेगा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। किसानों की आमदनी दोगुनी करने की कोशिशें शुरू हो गई हैं। फसल की बुवाई से लेकर कटाई तक क्या सावधानी बरतनी है, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सोलर पंप पर अनुदान समेत किसानों के हित में सरकार कौन- कौन सी योजनाएं चला रही है। इसकी जानकारी देने के लिए किसान रथ 15-15 दिन झांसी और ललितपुर जिले में घूमेगा। यह रथ गांव-गांव जाकर किसानों की हर तरह की जिज्ञासाएं शांत करेगा। शुक्रवार को विकास भवन से ‘किसान जागरूकता रथ’ बबीना ब्लाक के लिए रवाना हो गया।
प्रमुख फसलों का समर्थन मूल्य बढ़ाने के बाद अब किसानों को इस बात के लिए जागरूक किया जा रहा है कि किस तरह परंपरागत खेती के स्थान पर वैज्ञानिक तरीके से खेती करें, ताकि आमदनी दोगुनी हो जाए। प्रदेश सरकार ने किसानों को जागरूक करने का निर्णय लिया है। इसके लिए एक वैन को किसान रथ का स्वरूप देकर गांव-गांव में घुमाया जा रहा है। यह रथ 15 दिन जिले के गांवों में घूमेगा और 15 दिन ललितपुर जिले के गांवों में घूमेगा। रथ के माध्यम से किसानों को बुंदेलखंड में पानी की कमी को देखते हुए रबी सीजन में कम पानी में पैदा होने वाली फसलों की बुवाई करने की सलाह दी जा रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का सभी किसान लाभ लें, सिंचाई के लिए बिजली के भरोसे न रहें और सोलर पंप का उपयोग करें, इस पंप पर मिलने वाले अनुदान का भी लाभ उठाएं। खेत तालाब योजना और स्प्रिंकलर का भी किसान लाभ उठाएं, इसके लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी ने किसान जागरूकता रथ रवाना किया। इस मौके पर उप कृषि निदेशक रामप्रताप मौजूद रहे।