खिलाड़ियों के बाद अब खेल मंत्री करेंगे उद्घाटन
सब हेड: ध्यानचंद स्टेडियम के एस्ट्रोटर्फ का विधिवत शुभारंभ करेंगे चेतन चौहान
क्रासर:
यहां मार्च में हो चुका है राष्ट्रीय महिला हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
महानगर के ध्यानचंद स्टेडियम में बने एस्ट्रोटर्फ का उद्घाटन एक सितंबर को प्रदेश के खेल मंत्री चेतन चौहान करेंगे। उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम ने तीन अप्रैल को इसका काम पूरा करके खेल विभाग को हस्तांतरित कर दिया था। इसके पहले ही मार्च में खेल विभाग एस्ट्रोटर्फ पर राष्ट्रीय महिला हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन कर इसका अनौपचारिक शुभारंभ कर चुका था।
हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की नगरी में हॉकी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूर्ववर्ती प्रदेश सरकार ने खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों की मांग पर 2014 में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के एस्ट्रोटर्फ निर्माण के लिए 13 करोड़ से अधिक की धनराशि मंजूर की थी, जिसमें एस्ट्रोटर्फ फील्ड का निर्माण, 7500 दर्शकों के बैठने की दर्शकदीर्घा व बाहरी विद्युत कार्य आदि कराया गया। उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम ने दिसंबर 2014 में कार्य शुरू किया। निर्माण पूरा के बाद प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जांचें की गईं। निर्माण में खामियां मिलने से इसके हस्तांतरण की प्रक्रिया लंबी खिंचती चली गई। इसी बीच एस्ट्रोटर्फ पर महिलाओं की राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता भी हो गई। खेल विभाग के अनुसार एस्ट्रोटर्फ जांच समिति से ओके रिपोर्ट मिलने के बाद तीन अप्रैल 2017 को कार्यदायी संस्था ने एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम खेल विभाग को हस्तांतरण कर दिया था।
प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर ने बताया कि उद्घाटन के लिए पूरी तैयारियां कर ली गई है। एक सितंबर को खेल मंत्री चेतन चौहान एस्ट्रोटर्फ का उद्घाटन करेंगे।