4202 होमगार्ड 1694 बूथों की करेंगे निगरानी
झांसी। लोकसभा चुनाव में जिले में बनाए गए 1694 पोलिंग बूथों की निगरानी के लिए 4202 होमगार्ड जवानों को तैनात किया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर दो होमगार्ड की तैनाती होगी। इसके अलावा संवेदनशील बूथों पर सात से आठ जवानों की तैनाती की जाएगी। इसके लिए जिला होमगार्ड कमांडेंट ने निर्देश जारी कर दिए हैं।
जिले में 1307 होमगार्ड के जवान हैं, जिसमें 71 महिलाएं हैं। जिले के बूथों की निगरानी व व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए पोलिंग बूथों के बाहर होमगार्ड के जवान तैनात किया जाता है, जिससे बाहरी व्यवस्था में किसी भी तरह का विघ्न पैदा नहीं हो सके। जिले में बनाए गए 1694 पोलिंग बूथों की निगरानी के लिए 4202 होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। इसके लिए सहारनपुर से 1204, फिरोजाबाद से 932, कौशांबी से 386, बनारस से 535 होमगार्ड जवानों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा चुनाव में जोनल मजिस्ट्रेट व सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए अधिकारियों के साथ 805 जवानों की ड्यूटी रहेगी। बाहर से आए होमगार्ड जवानों के रुकने के लिए जिले के 16 कॉलेज में प्रबंध किया गया है।
जिला होमगार्ड के कमांडेंट अजय कुमार सिंह ने बताया कि जिले के 808 होमगार्ड जवान तीसरे चरण के मतदान में ड्यूटी कर लौट आए हैं। सभी जवानों की ग्वालियर रोड स्थित मंडलीय मुख्यालय पर आमद होगी। लोकसभा चुनाव से एक दिन पूर्व होमगार्ड जवानों को भोजला स्थित मंडी के लिए रवाना कर दिया जाएगा। मंडी से ही पुलिस अधिकारियों के द्वारा ड्यूटी लगेगी।