शस्त्र जमा कराने के काम में लाएं तेजी
झांसी। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने कहा कि मतदेय स्थलों पर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं। शस्त्र जमा कराने के कार्य में तेजी लाएं। अवैध शराब के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाए। ये निर्देश उन्होंने लखनऊ के योजना भवन से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये दिए।
सीईओ ने कहा कि चुनाव के दरम्यान माहौल खराब करने वाले लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाए। सही अभियुक्त के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, ताकि संदेश लोगों तक पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्रों में वीवीपैट की जानकारी राजनीतिक दल /मीडिया के लोगों को दें। संचालन के बारे में बताएं।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी शिवसहाय अवस्थी ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था दुरुस्त है। कोई समस्या नहीं है। निर्वाचन शांतिपूर्ण और पारदर्शिता के साथ होगा। एसएसपी डा. ओपी सिंंह ने बताया कि जिले में अब तक पचास हजार का एक, पच्चीस हजार के दो और बीस हजार के दो इनामी बदमाश पकड़े जा चुके हैं। ये कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने पीएसी की अतिरिक्त कंपनी की मांग की, ताकि क्रिटिकल बूथों पर अतिरिक्त फोर्स लगाया जा सके। इस दौरान मंडलायुक्त कुमुदलता श्रीवास्तव और डीआईजी एसएस बघेल ने भी चुनावी तैयारियों की जानकारी दी।
इस मौके पर अपर आयुक्त त्रिभुवन विश्वकर्मा, एडीएम बी प्रसाद, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राहुल मिठास समेत सभी उप जिलाधिकारी मौजूद रहे।