बुंदेलखंड के लोगों के साथ हुआ छलावा
- 11 सितंबर को तय होगी अलग राज्य के आंदोलन की रूपरेखा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र पाल सिंह ने कहा कि पृथक राज्य के नाम पर बुंदेलखंड के लोगों के साथ छलावा किया गया है। लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने बुंदेलखंड राज्य निर्माण का वादा किया था, जो सरकार बनने के चार साल बाद भी पूरा नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि 11 सितंबर को दल का सम्मेलन होगा, जिसमें पृथक राज्य के आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
इस दौरान उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड राज्य के संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय से सूचना मांगी गई थी, जिसमें सामने आया है कि पृथक राज्य का कोई प्रस्ताव पीएमओ में नहीं है। उन्होंने कहा कि कि औद्योगिक क्षेत्र बिजौली के कारखानों में बाहरी लोगों से काम कराया जा रहा है, जबकि क्षेत्र की जनता रोजगार के लिए पलायन कर रही है। यह स्थिति ठीक नहीं है।
इस मौके पर नईम मंसूरी, शीलेंद्र वर्मा, अरविंद सिंह, हनीफ खान, अज्जू खान, लोकेंद्र सिंह, यशपाल सिंह आदि मौजूद रहे।