विदेशी टूर ऑपरेटर-ब्लागर देखेंगे बुंदेलखंड की खूबसूरती
- पर्यटन-विदेशी निवेश को आकर्षित करने के लिए केंद्र व राज्य सरकार की रणनीति
- जर्मनी, जापान, स्पेन, अमेरिका, चीन का 30 सदस्यीय समूह 29 से 31 तक रहेगा
- झांसी, बरुआसागर का किला, ललितपुर में देवगढ़, बांदा के कालिंजर में भ्रमण करेगा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पर्यटकों और विदेशी निवेश को बुंदेलखंड में आकर्षित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने खास रणनीति बनाई है। इसके तहत बुंदेलखंड में विदेशी टूर आपरेटर्स और ब्लागरों को आमंत्रित किया गया है। इस कड़ी में 29 से 31 अगस्त तक के लिए जर्मनी, जापान, स्पेन, अमेरिका, चीन सहित कई देशों का 30 सदस्यीय समूह बुंदेलखंड आ रहा है।
बुंदेलखंड में प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक स्थलों की भरमार है। ललितपुर में देवगढ़, बंदरगुढ़ा जैसे मनोहर इलाके हैं तो बांदा के कालिंजर में भी रोमांचक पर्यटन स्थल हैं। इसके अलावा झांसी में ऐतिहासिक किला, राजकीय संग्रहालय भी पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। इनमें देश-दुनिया के पर्यटक ज्यादा से ज्यादा आएं और बुंदेलखंड में विदेशी निवेश हो, इसके लिए राज्य व केंद्र सरकार द्वारा कई प्रयास किए जा रहे हैं।
केंद्र व राज्य सरकार की पहल पर विदेशी टूर आपरेटरों व ब्लागर का ग्रुप बुंदेलखंड आएगा, जो झांसी में रानीमहल, किला, राजकीय संग्रहालय, बरुआसागर का किला, ललितपुर में देवगढ़ और बांदा के कालिंजर में भ्रमण करेगा। पर्यटन उपनिदेशक आरके रावत के मुताबिक यह ग्रुप पहली बार बुंदेलखंड आ रहा है, जो विदेशी निवेश की संभावनाओं को जानेगा। ब्लागर पर्यटन क्षेत्र की अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में लेख लिखकर प्रचार करेंगे।