झांसी। सोमवार को जिले में कोरोना के 17 नए मरीज सामने आए, जबकि 33 डिस्चार्ज किए गए। इसके साथ ही जिले का रिकवरी रेट बढ़कर 95.94 प्रतिशत पर पहुंच गया है।
जिले में कोरोना के 3654 नमूनों की जांच हुई, जिसमें ग्राम अमरा, झांसी कैंट, न्यू रोड, गरौठा, बैंकर्स कॉलोनी, अंबेडकर नगर तालपुरा, बीकेडी शिक्षक आवास, महावीरन नगरा, सुधा विहार, हंसारी, बबीना कैंट, खातीबाबा आदि क्षेत्रों में 17 नए मरीज सामने आए। जिले में अब तक 9679 लोगों में इस महामारी का संक्रमण पाया जा चुका है, लेकिन इनमें से 9287 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। 33 को सोमवार को डिस्चार्ज किया गया। वर्तमान में 30 को छोड़ बाकी सभी सूक्ष्म या बगैर लक्षण वाले मरीज हैं। इसके अलावा जिले में अब तक 172 संक्रमितों की मौत भी हो चुकी है।