झांसी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के दौरान ग्राम पंचायतों की कुल 165 सीटों पर अन्य सीटों की अपेक्षा जबर्दस्त मुकाबले की उम्मीद है। यह सीटें सभी वर्गों के लिए खुली रहेंगी लिहाजा, यहां एक-एक वोट की जबर्दस्त मारामारी रहेगी। चुनाव जीतने के लिए उम्मीदवारों को गांव की अंदरूनी राजनीति साधने के साथ ही जातिगत वोट भी जुगाड़ने होंगे।
चक्रानुक्रम आरक्षण के मुताबिक पूरे जनपद में 165 सीटें सामान्य वर्ग को आरक्षित की गई हैं। इनमें बड़ागांव ब्लॉक में 15, बंगरा में 20, मोंठ में 22, बामौर में 23, चिरगांव में 20, गुरसराय में 25, मऊरानीपुर में 23 एवं बबीना ब्लॉक में 17 सीटें सामान्य वर्ग के लिए सुरक्षित रखी गई हैं। इन सीटों पर कोई भी उम्मीदवार चुनाव लड़ सकेगा। इस बार जिन सीटों को सामान्य के लिए आरक्षित किया गया उनमें विधायक राजीव सिंह पारीछा का गांव पारीछा के अलावा मडोरा, भूपनगर, तिलैथा, घुघुवा, गंगावली, गुलारा, बबीना ग्रामीण, पुनावलीकलां, बड़ौरा, साकिन, बम्हरौली, टहरौली किला, बिजौरा, ककरबई जैसी ग्राम पंचायत खास हैं जहां नए आरक्षण के बाद अचानक से सियासी समीकरण बदल गए। इनमें से कुछ ग्राम पंचायतों को छोड़कर यह सीट नए आरक्षण में सामान्य तय हुई हैं हालांकि इस पर मुहर आरक्षण के अंतिम प्रकाशन के बाद ही लगेगी।
आपत्ति दाखिल करने का आज अंतिम दिन
त्रिस्तरीय पंचायतों के लिए तय किए आरक्षण पर आपत्ति जताने के लिए आज अंतिम दिन है। मंगलवार को डीपीआरओ कार्यालय, जिलाधिकारी कार्यालय समेत ब्लॉकों में संबंधित पदों के आरक्षण को लेकर आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी। आपत्ति पर बुधवार से सुनवाई होगी। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय टीम इसकी सुनवाई करेगी। आपत्तियों के निस्तारण के बाद 24 मार्च को इसका अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।