मेडिकल कॉलेज में नहीं बंद हुई ‘प्राइवेट पैथालॉजी’
- विधायक ने जिसे पकड़ा था, वो नहीं आया बाज
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में ‘प्राइवेट पैथालॉजी’ अभी भी चल रही है। प्राइवेट सेंटरों के कर्मचारी धड़ल्ले से कैंपस में आकर मरीजों के सैंपल ले रहे हैं। एक पैथालॉजी कर्मचारी की फोटो खींचकर प्राचार्य से शिकायत की गई है।
गौरतलब है कि भाजपा विधायक जवाहर लाल राजपूत एक फरवरी को मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया था। उन्होंने मेडिकल कॉलेज कैंपस में रंगे हाथों एक प्राइवेट पैथालॉजी केंद्र के कर्मचारियों को ब्लड सैंपल लेते पकड़ लिया था। इस पर प्राचार्य डॉ. साधना कौशिक ने ऐसे लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए थे। रविवार को भी उक्त पैथालॉजी केंद्र के कर्मचारी मेडिकल कॉलेज परिसर में ब्लड सैंपल ले रहा था, तभी किसी ने उसकी फोटो खींचकर प्राचार्य के मोबाइल पर भेज दी। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हरीशचंद्र आर्या ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुष्टि होने पर एफआईआर कराई जाएगी।