................
प्रमोशन पर हो सकता मेडिकल कॉलेज डॉक्टरों का तबादला
- प्राइवेट प्रैक्टिस पर लगाम लगाने और खाली पद भरने के लिए फार्मूला
- चिकित्सा शिक्षा निदेशालय लागू कर सकता नियम
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
प्राइवेट प्रैक्टिस पर लगाम लगाने और मेडिकल कॉलेजों में रिक्त पद भरने के लिए शासन अब डॉक्टरों के प्रमोशन के साथ नई जगह तबादले का नियम लागू कर सकता है। हालांकि, इसके लिए विभाग में पहले से सभी सृजित पद भरे होना आवश्यक होगा। सूत्रों ने बताया कि इसको लेकर चिकित्सा शिक्षा निदेशालय में मंथन चल रहा है।
प्रदेश के कई मेडिकल कॉलेजों के विभिन्न विभागों में एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के पद रिक्त चल रहे हैं। इसका भार दूसरों को उठाना पड़ा रहा है। वहीं, कुछ ऐसे भी विभाग हैं, जहां सृजित पद से ज्यादा शिक्षक/डॉक्टर कार्यरत हैं। यह बात किसी से छुपी नहीं है कि अधिकतर सरकारी डॉक्टर प्राइवेट प्रैक्टिस करते हैं। ऐसे में लंबे समय तक एक जगह डॉक्टर के जमे होने के कारण प्राइवेट प्रैक्टिस खूब चलने लगती है। यही नहीं, कुछ डॉक्टर तो मरीजों को सीधे निजी क्लीनिक या नर्सिंगहोम में बुलाने लगते हैं। इसके अलावा जो नए मेडिकल कॉलेज खुलते हैं, उनमें डॉक्टरों की लेक्चरर पद पर भर्ती होती है। एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर पद पर पहुंचने में लेक्चरर को कई साल लग जाते हैं। इससे हायर फैकल्टी की कमी बनी रहती है। इन सबको मद्देनजर रखते हुए शासन अब डॉक्टरों के प्रमोशन के साथ रिक्त पदों वाले मेडिकल कॉलेज में तबादला करने का नियम लागू कर सकता है। हालांकि, यह नियम वहीं लागू होगा, जहां सृजित पद पहले से ही भरे हुए हैं।
हाल ही में शासन द्वारा नियुक्त की गई टीम ने झांसी समेत प्रदेश के छह मेडिकल कॉलेजों की विस्तृत जांच की थी। इसमें सृजित पदों पर फैकल्टी की स्थिति भी शामिल थी। बताया गया कि सभी मेडिकल कॉलेजों की जांच पूरी होने के बाद शासन यह नियम प्रभावी कर सकता है। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एनएस सेंगर से जब इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने कहा कि शासन से ऐसे कोई निर्देश नहीं आए हैं लेकिन कई मेडिकल कॉलेजों में पद रिक्त हैं। चूंकि, सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए प्रयासरत है। ऐसे में सृजित पद भरे होने की स्थिति में प्रमोशन होने पर डॉक्टरों का तबादला किया जा सकता है।
कई विभागों में होना प्रमोशन
महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के कई विभागों में पहले से सभी फैकल्टी के पद भरे हुए हैं और प्रमोशन भी होना है। सर्जरी, हड्डी रोग, सोशल एंड प्रिवेंटिम मेडिसिन विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर और ईएनटी, गायनी विभागों में प्रोफेसर के पद पहले से भरे हुए हैं। यहां पर शिक्षकों का प्रमोशन भी होना है। ऐसे में प्रमोशन होने पर सृजित पदों से ज्यादा शिक्षक हो जाएंगे।