कबड्डी में बीटेक छात्रों और बीपीएड छात्राओं का कब्जा
- विपक्षियों को परास्त कर पाया पहला स्थान
- अन्य प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के अंतर संकाय खेल कुंभ के दूसरे दिन भी कबड्डी में इंजीनियरिंग की छात्रों और शारीरिक शिक्षा संस्थान की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले स्थान पर कब्जा जमाया। इसके अलावा भी विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में दमखम दिखाया।
पुरुष कबड्डी के मुकाबलों में इंजीनियरिंग के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। खाद्य तकनीकी संस्थान की टीम ने दूसरे और एनसीसी व अर्थशास्त्र एवं वित्त संस्थान की टीम ने तीसरा व चौथा स्थान हासिल किया। वहीं, महिला कबड्डी के मुकाबलों में मेजर ध्यानचंद शारीरिक शिक्षा संस्थान की छात्राओं ने प्रथम, बीएससी ने द्वितीय और फूड टेक की छात्राओं ने तीसरा स्थान हासिल किया।
पुरुष वर्ग के वॉलीबाल में फूड टेक के छात्रों ने तीन मैचों में से एक, इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट ने तीन मैचों में दो, मेजर ध्यानचंद शारीरिक शिक्षा संस्थान के विद्यार्थियों ने एक मैच जीता। दूसरे चरण में आईटीएचएम ने तीन मैचों में दो, मेजर ध्यानचंद शारीरिक शिक्षा संस्था के छात्रों ने एक मैच जीता। महिला वर्ग में बीटेक और फूड टेक की टीमें फाइनल में पहुंच गई। इस दौरान स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. सूरजपाल सिंह, इंजीनियर राहुल शुक्ला, डॉ. प्रशांत मिश्रा, इंजी. वीपी गुप्ता, इंजीनियर विजय कुमार वर्मा, इंजीनियर संदीप मिश्रा, बृजेश लोधी, विशाल आर्या, डॉ. राजीव बबेले, डॉ. उपेंद्र सिंह तोमर, डॉ. चित्रा गुप्ता, साक्षी दुबे, उमेश शुक्ला मौजूद रहे।