बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की तिथि 16 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। इसके बाद राजकीय और अनुदानित कॉलेजों के पंजीकरण नहीं खोले जाएंगे। ऐसे में बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमकॉम प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्र-छात्राएं जल्द फॉर्म भर दें।
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी ने चार जून को राजकीय और अनुदानित कॉलेजों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन खोले थे। 15 जून से स्ववित्त पोषित योजना अंतर्गत चल रहे कॉलेजों के फॉर्म खोले गए। 30 जून को फॉर्म भरने की अंतिम तिथि थी। शनिवार को बीयू ने तिथि 16 दिन और बढ़ा दी है। अब बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए व एमकॉम प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थी 16 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। फॉर्म भरने का शुल्क 50 रुपये है। इसके बाद दो या तीन दिन में स्कूलों को विद्यार्थियों की सूची उपलब्ध कराई जाएगी। 17 और 18 जुलाई को फीस का संशोधन किया जाएगा। 19 या 20 जुलाई को राजकीय, अनुदानित कॉलेजों की मेरिट जारी की जा सकती है।