फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhansi: मुठभेड़ के 16 घंटे बाद हिरासत से फिल्मी अंदाज में निकल भागा बदमाश, लापरवाही बरतने पर दो सिपाही निलंबित

Tue, 17 Mar 2026 03:01 AM IST
झांसी ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क

सार

करीब आधे घंटे बाद उसके फरार होने की बात मालूम चलने पर पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस अफसरों में खलबली मच गई। इस मामले में एसएसपी ने दो सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
विज्ञापन
भागने से पहले पुलिस हिरासत के दौरान की तस्वीर में आरोपी नदीम। - फोटो : स्वयं
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुठभेड़ में पकड़ा गया दतिया निवासी बदमाश नदीम (19) सोलह घंटे के भीतर फिल्मी अंदाज में पुलिस को चकमा देकर जिला अस्पताल से निकल भागा। रविवार की रात दो बजे पुलिस ने उसे मुठभेड़ में पकड़ा था। इसके बाद मेडिकल कराने जिला अस्पताल लेकर पहुंची। पुलिसकर्मी बाहर बैठाकर अंदर चले गए। नदीम मौका मिलने पर मिनर्वा पुलिस चौकी के सामने से ऑटो में बैठकर भाग निकला। करीब आधे घंटे बाद उसके फरार होने की बात मालूम चलने पर पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस अफसरों में खलबली मच गई। एसपी सिटी प्रीति सिंह, सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम समेत अन्य अफसर भी पहुंच गए। उसकी तलाश में स्वॉट टीम लगाई गई है। देर-रात तक पुलिस पुराने शहर की गलियों में उसे तलाशती रही।
विज्ञापन



चोरी के मामले में वांछित नदीम और उसके दोस्त गणेशपुरा निवासी संजय जाटव को सोमवार दोपहर कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल लेकर आई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया शाम करीब चार बजे जिला अस्पताल के मुख्य दरवाजे से नदीम लंगड़ाते हुए बाहर निकला। मिनर्वा चौकी के पास खड़े ऑटो चालक अमित कुशवाहा से मां की तबीयत खराब बताकर उसे दतिया गेट बाहर तक चलने के लिए राजी कर लिया। उसने 150 रुपये किराया देना भी तय कर लिया। कोतवाली के सामने से होता हुआ दतिया गेट की ओर निकला। यहां नरिया बाजार पर जाम लगा था। यह देख वह ऑटो से उतर गया। ऑटो चालक को बीस रुपये का नोट थमाते हुए कुछ दूर में मिलने के लिए कहा। ऑटो चालक अमित पचास रुपये मांगने लगा। नदीम ने उसे पचास का नोट दिया। यहां से नरिया बाजार के अंदर गली में चला गया। उधर, अस्पताल से नदीम को गायब देख पुलिसकर्मी के होश उड़ गए। उसके दोस्त संजय ने नदीम के भागने की बात बताई। आनन-फानन में पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कराई। सीसीटीवी फुटेज की मदद से ऑटो चालक को भी पुलिस ने पकड़ लिया। देर-रात तक उसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी रही।


झांसी में पुलिस कस्टडी से पहले भी भाग चुके बदमाश
पुलिस कस्टडी से बंदियों के भागने का यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले तीन साल के दौरान यह चौथा मौका है जब पुलिस अभिरक्षा से बंदी चकमा देकर भाग निकला।
19 सितंबर 2023 काे रेलवे कोर्ट में पेशी के लिए लाए गए तीन बदमाश पुलिस कस्टडी से भाग निकले थे। 7 जून 2023 को मेडिकल कराने आई किशोरी भी पुलिस को चकमा देकर निकल भागी थी, हालांकि कुछ घंटे बाद ही उसे बरामद कर लिया था। इसी तरह 14 सितंबर 2023 को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज से लाए गए भिंड निवासी अजय (30) भी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था। इस मामले में पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके पहले 5 अक्तूबर 2016 को पांच कैदी अदालत में पेशी के लिए लाए गए थे। यह कैदी कचहरी के लॉकअप रूम की दीवार तोड़कर भागने का दुस्साहस दिखा चुके। 23 मई 2023 को पुलिस अभिरक्षा में कोर्ट पहुंचे हत्यारोपी बबीना निवासी रोहित उर्फ छोटू ने जहरीला पदर्थ निगल था, जिससे उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन



लापरवाही बरतने पर दो सिपाही निलंबित
पुलिस कस्टडी से बदमाश के भागने को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने अभिरक्षा में तैनात मयंक गुप्ता एवं ज्ञानेंद्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके खिलाफ प्रारंभिक जांच के भी निर्देश दिए हैं। एसएसपी का कहना है कि सुरागकशी की जा रही है। पुलिस टीमों को भी लगा दिया गया है। जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।


पुलिस अभिरक्षा में मौजूद बंदी के पास कहां से आई नकदी
नदीम पुलिस अभिरक्षा में करीब 16 घंटे तक रहा। उसकी जामा तलाशी के बाद मेडिकल कराने उसे जिला अस्पताल भेजा गया था लेकिन, इसके बावजूद उसके पास पर्याप्त नकदी थी। इस पैसे की मदद से ही ऑटो करके वह भागने में कामयाब रहा। उसके पास नकदी पहुंचने के सवाल का जवाब भी पुलिस अफसर नहीं दे सके। यह मालूम नहीं चल सका कि जामा तलाशी के बाद भी उसके पास नकदी कैसे पहुंंची। नदीम के फरार होने की सूचना भी तुरंत पुलिस अफसरों को नहीं दी गई। यह सूचना भी उनको करीब आधे घंटे बाद मिली। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक नदीम बेहद शातिर है। कई बार वह जेल भी जा चुका। कोतवाली समेत दतिया के कई थानों में उसके खिलाफ चोरी समेत अन्य मामले दर्ज हैं। कोतवाली इलाके में वह दो घरों के ताले चटका चुका। पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ के दौरान उसके पास से छह लाख रुपये के जेवरात बरामद किए। मेवातीपुरा निवासी उमा वर्मा के घर में हुई चोरी का भी मास्टर माइंड नदीम ही था।
विज्ञापन



मामले की जानकारी देता आरोपी का साथी और ऑटो चालक...

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें