30 जून को आएंगे आरएसएस प्रमुख
झांसी। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत 30 जून की रात को झांसी आएंगे। वह यहां एक से पांच जुलाई तक चलने वाले अखिल भारतीय योजक वर्ग में हिस्सा लेंगे। वर्ग के लिए स्थान चयन की प्रक्रिया चल रही है।
राष्ट्रीय स्वयं संघ झांसी एक से पांच जुलाई तक अखिल भारतीय योजक वर्ग का आयोजन करने जा रहा है। इस वर्ग में देशभर से करीब दो सौ योजक भाग लेंगे। वर्ग में संगठन के विकास के लिए नई योजनाओं को तैयार करने का काम होगा। वर्ग से लौटने के बाद योजक अपने-अपने क्षेत्रों में इन योजनाओं पर क्रियान्वयन शुरू कर देंगे। इस कार्यक्रम में संघ प्रमुख मोहन भागवत पूरे समय मौजूद रहेंगे। उनकी देखरेख में ही वर्ग होगा। वह 30 जून की रात झांसी आएंगे। वर्ग के लिए दतिया रोड स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज, भानी देवी गोयल इंटर कॉलेज समेत तीन स्थानों में एक पर विचार चल रहा है। स्थानीय पदाधिकारियों ने वर्ग को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रतिदिन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बैठक की जा रही है।