दो अरब से बदलेगी शहर की सूरत
झांसी। दो अरब से शहर का कायाकल्प होगा। नगर निगम सदन की बैठक में सर्वसम्मति से पास बजट पास किया गया। इससे विद्युत सामग्री क्रय, हाईटेंशन लाइन शिफ्टिंग, पशुओं को पकड़ने के अलावा अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे। सफाई कर्मचारियों का पारिश्रमिक बढ़ाने का भी फैसला लिया गया।
सदन की बैठक में वित्तीय वर्ष 2019-20 में नगर के बहुमुखी विकास के लिए आय मद में 23753.95 लाख रुपये का बजट पारित हुआ। इसमें सामान्य कर और गृहकर से 2500 लाख, राज्य वित्त आयोग निधि, वेतन / पेंशन एवं विकास कार्य के लिए 12800 लाख, भारत सरकार की अमृत योजना के तहत 400 लाख, भारत सरकार की स्वच्छ भारत मिशन योजना के लिए 250 लाख, राज्य सरकार की कान्हा गोशाला व बेसहारा पशु आश्रय योजना के तहत 200 लाख और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 100 लाख रुपये का प्राविधान किया गया है।
जबकि, व्यय मद में नगर निगम कर्मचारियों के वेतन भत्ते आदि पर लगभग 10 प्रतिशत की वृद्धि के साथ ही जीएसटी लागू होने के कारण आउटसोर्स कर्मियों का भी पारिश्रमिक 10 प्रतिशत की वृद्धि की है। सफाई व्यवस्था के साथ ही अन्य जरूरतों के लिए व्यय होने वाले ईंधन (डीजल/ पेट्रोल/ मोबिल ऑयल) के लिए 500 लाख, विद्युत सामग्री क्रय के लिए 400 लाख, नए विद्युत पोल / हाई मास्क लाइटें, पार्कों में प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा हाईटेंशन लाइनों को शिफ्ट करने के लिए 400 लाख, आवारा पशुओं को पकड़ने व छोड़ने के लिए 15 लाख और कुत्तों का बधियाकरण के लिए 25 लाख व्यय होंगे।
इसके अलावा पार्क निर्माण और सुंदरीकरण के लिए 200 लाख, श्मशान घाट और कब्रिस्तान निर्माण व मरम्मत कराने के लिए 200 लाख, सड़क और नाली के रखरखाव व निर्माण के लिए 4970 लाख, नगरीय अवस्थापना निधि से निर्माण और विकास कार्य के लिए एक हजार लाख रुपये, 14वें वित्त आयोग की निधि से प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट के लिए 4500 लाख रुपये, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 200 लाख सहित अन्य मदों में धनराशि के लिए स्वीकृति दी गई।