खदान में ब्लास्ट से दो मजदूरों की मौत, बवाल
झांसी। बृहस्पतिवार की रात बड़ागांव थाना क्षेत्र के गोरामछिया स्थित खदान में काम करते समय अचानक ब्लास्ट होने से मजदूरी कर रहे मिथुन (25) व राजीव (20) की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद शुक्रवार की रात जमकर बवाल हुआ। मृत मजदूरों के परिजनों को पचास लाख रुपये मुआवजा की मांग को लेकर कानपुर राजमार्ग पर जाम लगाने वाले साथियों व ग्रामीणों ने वाहनों में तोड़फोड़ की। पुलिस पर पथराव किया, जिससे दो पुलिस कर्मी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने लाठी फटकार कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया। सूचना पर पुलिस उप महानिरीक्षक, जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मिथुन के पिता भागीरथ की तहरीर पर पुलिस ने खदान मालिक मोहर सिंह यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना बड़ागांव के छपरा निवासी भागीरथ का पुत्र मिथुन व दशरथ का पुत्र राजीव मजदूरी करते थे। वे गोरामछिया स्थित पत्थर की एक खदान में काम करते थे। बृहस्पतिवार की रात दोनों अपने घर पर थे। परिजनों का आरोप है कि खदान मालिक मोहर सिंह यादव गांव में आकर जबरन मिथुन व राजीव को मजदूरी करानेे के लिए ले गया। रात में इन दोनों के साथ गांव के ही अखिलेश, अमर सिंह समेत अन्य साथी काम कर रहे थे। रात के समय अचानक खदान मेें जोरदार विस्फोट होने से मौके पर ही मिथुन व राजीव की मौत हो गई। आवाज सुनकर दौड़े अन्य साथी दोनों को मृत अवस्था में देखकर घबरा गए। मौके से ही सभी भाग गए।
आरोप है कि खदान के अन्य कर्मचारी पुलिस को सूचना दिए बिना ही मेडिकल कॉलेज मेें शव छोड़कर भाग गए। पुलिस के साथ ही परिजनों को भी सूचना नहीं दी गई। घटना की खबर पाकर बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची। शुक्रवार तड़के परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। इससे उनमें रोष फैल गया।