घुलता रहा जहर, होती रही खानापूरी
झांसी। सरकारी अमला जगह-जगह पर्यावरण दिवस मनाता रहा। उधर, महानगर के पंचवटी की ओर स्थित डंपिंग जोन से लगातार पांच दिन से जहरीला धुआं उठता रहा। इससे लगातार हवा में जहर घुलता रहा। यही नहीं, शहर भर में खुलेआम पॉलीथिन का उपयोग होता रहा। इस बीच अफसर जागरूकता के नाम पर सालाना रस्म अदायगी में व्यस्त रहे।
जनपद में पर्यावरण दिवस पर विविध कार्यक्रम हुए। दूसरी ओर अधिकारियों की लापरवाही ही प्रदूषण बढ़ाती दिखी। हवा, मिट्टी और पानी सब प्रदूषित हो चुके हैं। इसके बावजूद एक भी विभाग अपनी जिम्मेदारियां उठाने को तैयार नहीं दिखा। एक तरफ सरकारी तंत्र से लेकर समाजसेवी संस्थाएं पर्यावरण को बचाने के लिए जागरूकता रैली, गोष्ठी और पौधरोपण कर रही थीं। दूसरी ओर सरकारी तंत्र ही प्रदूषण को बढ़ावा दे रहा था। पंचवटी की ओर स्थित डंपिंग जोन से लगातार पांच दिन से जहरीला धुआं उठ रहा है।
उठते धुएं को रोकने के लिए न प्रदूषण विभाग सक्रिय है और न ही नगर निगम के अधिकारी। बस, खानापूर्ति होती रही। दूसरी ओर पॉलिथीन पर प्रदेश सरकार की तरफ से पूर्ण रूप से पिछले साल रोक लगाने के आदेश दिए थे वह भी काम आज तक पूरा नहीं हुआ। ऐसी शायद ही कोई दुकान हो जहां पॉलीथिन का उपयोग नहीं हो रहा है। जहां देखो वहां पॉलीथिन कचरा दिखाई दे रहा है। यही कारण है कि रोजाना कचरे में तकरीबन एक से डेढ़ टन पॉलीथिन वेस्ट निकल रहा है।
------------------------------------------------------
पॉलीथिन को जब्त करने का विशेष अभियान चलाया गया और दस हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। डंपिंग जोन में लग रही आग का भी समाधान करेंगे। - अरुण गुप्त, अपर नगर आयुक्त