सीएचसी में डॉक्टर के साथ गालीगलौज, मारपीट
मऊरानीपुर। मऊरानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को महिला मरीज के तीमारदारों ने डॉक्टर के साथ गालीगलौज कर मारपीट कर दी। इस पर स्वास्थ्य केंद्र में हंगामा हुआ। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराकर चिकित्सक को कार्रवाई का आश्वासन दिया ।
शनिवार की सुबह साढे़ दस बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर में डा. संजय सिंह राजावत ओ पी डी में मरीजों को देख रहे थे। तभी वहां कुछ लोग 50 वर्षीय महिला राजकुमारी को दिखाने के लिए चिकित्सक के पास आए। इसके बाद वह लोग महिला को ड्रिप लगाने की जिद करने लगे। महिला मरीज का शुगर का लेवल अधिक होने से चिकित्सक ने ड्रिप लगाने से मना किया तो कुछ युवक आवेश में आ गए। उन्होंने गालीगलौज करते हुए चिकित्सक का कॉलर पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। इस घटना के कारण अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। लोगों ने बीच बचाव कर मामले को शांत कराया। इस घटना को लेकर अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों ने रोष प्रकट करते हुए घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही। वहीं, संबंधित चिकित्सक ने गालीगलौज कर मारपीट करने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल देवेंद्र दुबे का कहना है कि मामले की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।