मतगणना स्थल पर रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
झांसी। मतगणना स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। किसी को आसपास भी भटकने नहीं दिया गया। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी पल - पल मतगणना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
मतगणना प्र्रक्रिया से एक दिन पहले बुधवार को भोजला मंडी को सुरक्षा कर्मियों से लैस कर दिया गया था। अंदर से लेकर बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दी गई थी। प्रवेश से पहले सड़क पर दो बैरीकेडिंग लगाई गई थी। बिना पास के ही अनुमति नहीं मिल रही थी और आम आदमी दूर से ही पुलिस इंतजाम देखकर खिसक लिए। इक्का-दुक्का लोगों ने मंडी के गेट के पास पहुंचने का प्रयास भी किया, लेकिन उनको वहां से भगा दिया गया। आने-जाने वाले हर वाहन की चेकिंग की गई। सुबह से ही जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी, डीआईजी सुभाष सिंह बघेल, एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, एएसपी राहुल मिठास, एएसपी नगर श्रीप्रकाश द्विवेदी, सीओ सिटी जितेंद्र सिंह परिहार, सीओ सदर संग्राम सिंह भारी पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
आने जाने वालों पर रही नजर
बूढ़ा भोजला के पास एक बैरीकेडिंग लगाई गई थी। हर आने वाले पर निगाह रही। गांव वालों को तो जाने की पूरी इजाजत थी, लेकिन संदिग्ध नजर आने वालों को रोकने के बाद पूरी पड़ताल के बाद ही जाने दिया गया। पासधारकों को ही जाने की इजाजत थी।