लगातार बरसात के कारण खराब हुई फसलें
अमर उजाला ब्यूरो
तालबेहट/ ललितपुर। शुक्रवार को दस दिन की बारिश में तबाह हुई फसलों को लेकर आए किसानों ने तहसील में प्रदर्शन किया। किसानों ने एसडीएम आजाद भगत सिंह को ज्ञापन देकर बर्बाद फसलों का मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई।
ज्ञापन में भदौना, मऊ, बनगुवा, गूगर, थानागांव, सहसूती आदि गांवों से आए किसानों ने बताया कि क्षेत्र के किसानों ने इस बार भी कर्ज लेकर फसलों की बुवाई की थी। उन्हें इस बार अच्छी फसल पैदा होने की उम्मीद थी। लेकिन दस दिन से लगातार हो रही बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। किसानों को अपनी फसलों की लागत निकालना मुश्किल हो गया है। उन्होंने तत्काल बर्बाद फसलों का सर्वे करा कर किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। वहीं, पूराविरधा से आए किसानों ने एसडीएम को एक ज्ञापन देकर सिंचाई विभाग के तालाब में भराव क्षेत्र से अधिक जल भराव होने से किसानों की पूरी तरह डूबी फसलों का मुआवजा दिलाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान कैलाश लोधी, मोतीलाल, जगदीश, श्याम सुंदर, महेश व कुंवरलाल आदि प्रमुख रहे।