देरी से आयकर विवरणी दाखिल करने पर अर्थदंड माफ हो
झांसी। आयकर अधिवक्ता संघ की बैठक में निश्चित तिथि के बाद आयकर विवरणी दाखिल करने में लगने वाले अर्थदंड को समाप्त करने की मांग की गई। साथ ही, इस संबंध में एक ज्ञापन प्रधानमंत्री और केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के अध्यक्ष को ज्ञापन भेजा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में देश का तीन चौथाई हिस्सा बाढ़ की समस्या से जूझ रहा है तथा अधिक वर्षा के कारण बिजली और नेटवर्किंग की समस्या सामने आ रही है। इससे 31 अगस्त को आखिरी तारीख में अधिकतर करदाता आयकर विवरणी भरने से वंचित हो गए। पिछले साल तक करदाता को एक साथ दो साल का रिटर्न भरने की सुविधा दी, लेकिन यह सुविधा भी अब बंद कर दी गई है। अर्थदंड की कार्रवाई इस साल समाप्त कर इसे अगले साल से लागू किया जाए। बैठक में अभय शर्मा, राकेश झा, अनिल गुरनानी, वैभव अग्रवाल, सुषमा अग्रवाल, हरिकृष्ण सक्सेना, एके सिंह, अमोल अग्रवाल, क्षितिज गुप्ता, आरएन गुप्ता मौजूद रहे। संचालन राजेश कुमार ने किया।