रनिंग स्टाफ को वापस लौटने समय नहीं होगी परेशानी
- पीएनएम बैठक में उठाई थी समस्या, अब मिलेगी अथॉरिटी
झांसी। रेलवे चालक व गार्ड (रनिंग स्टाफ) को अब स्पेयर लौटते समय परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। रेलवे द्वारा बाकायदा उन्हें अथॉरिटी भी दी जाएगी। रेलवे की तरफ से इसके आदेश भी कर दिए गए हैं।
ड्यूटी पर तैनात रेलवे चालक व गार्ड को ड्यूटी पूरी कर लौटने में परेशानी का सामना करना पड़ता था। दरअसल, अभी तक रनिंग स्टाफ या तो क्रू कंट्रोलर से नंबर लेकर या सादे कागज पर अथॉरिटी लेकर यात्रा करते थे जो कि यात्रा के लिए नियमानुसार वैध नहीं है। इस पर गाड़ी में चेकिंग स्टाफ से विवाद की स्थिति बनती थी।
इस समस्या को रनिंग स्टाफ ने नॉर्थ सेंट्रल रेलवे मैंस यूनियन के समक्ष रखा था। जहां पीएनएम बैठक में समस्या को अफसरों के सामने रखा गया था। यूनियन के मीडिया प्रभारी पवन झारखड़िया ने बताया कि रविवार को वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक शशि भूषण ने रनिंग स्टाफ को अथॉरिटी देने के आदेश दिए हैं। ब्यूरो