बस व डंपर की भिड़ंत में दो की मौत
तालबेहट (ललितपुर)। ललितपुर- झांसी मार्ग पर बम्होरीसर महाविद्यालय के समीप यात्री बस और डंपर के बीच टक्कर होने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चौबीस से अधिक सवारियां घायल हो गईं। इसमें बारह की हालत गंभीर होने पर झांसी व ललितपुर के लिए रेफर कर दिया गया। कुछ सवारियों ने खिड़की से कूदकर खुद को सुरक्षित बचाया।
बृहस्पतिवार को दिन में करीब दो बजे बेतवा ट्रेवल्स की खुरई से झांसी जाने वाली बस ललितपुर से सवारियां लेकर झांसी जा रही थी। राजमार्ग पर ग्राम बम्होरीसर गांव में महाविद्यालय के आगे बने कट से क्रास होने के लिए जैसे ही ड्राइबर ने बस को तालबेहट की ओर मोड़ा, झांसी से ललितपुर की ओर गिट्टी भरकर आ रहे डंपर ने बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस सड़क के किनारे लगभग छह फीट गहरी खाई में जा गिरी, इससे सवारियों में चीख पुकार मच गई। कुछ लोगों ने खिड़की तोड़ी और कूदकर बस से बाहर निकले। बस स्टार्ट थी। आसपास लोगों ने हादसा देखा तो मदद के लिए दौड़े और बस के इंजन को बंद किया।
घायल सवारियों को आनन- फानन में सीएचसी तालबेहट ले जाया गया, जहां थाना बार के ग्राम धमना निवासी कौशलेंद्र (36) पुत्र गोविंद शरण चौबे को गंभीर हालत में झांसी भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके अलावा सीएचसी में उपचार के दौरान थाना तालबेहट के ग्राम बरौदिया निवासी रामसिंह (60) पुत्र मनके पटेल की मौत हो गई।
उधर, घटना की जानकारी के बाद प्रभारी निरीक्षक उदयभान गौतम पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकलवाकर उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया। इसके बाद सीएमओ डॉ. प्रताप सिंह, उपजिलाधिकारी कृष्ण कुमार सिंह तथा सीओ विनोद सिंह घटना स्थल पर पहुंचे। बाद में अधिकारियों ने सीएचसी में घायलों के उपचार की व्यवस्था देखी।
पांच को किया झांसी रेफर
दुर्घटना में चौबीस लोग घायल हुए हैं, इसमें पांच लोगों को सरकारी एंबुलेंस से झांसी रेफर किया गया है। इनके नाम थाना बार के ग्राम चुनावनी निवासी पूजा पत्नी मोनू, थाना जखौरा के नंदनवारा निवासी पति -पत्नी छोटे लाल व राजकुमारी, तालबेहट के ग्राम बिगारी निवासी विक्रम सिंह लोधी पुत्र नंदू, फार्मस्टिट पीएचसी पूराविरधा हॉल निवासी खाती बाबा झांसी निवासी, जितेंद्र भटनागर पुत्र सोमप्रकाश को झांसी रेफर किया गया है।
ललितपुर भेजे गए ये घायल
आठ लोगों को सेना के वाहन से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ललितपुर भेजा गया। इनके नाम राघवेंद्र पुत्र सोबरन सिंह ग्राम धनगौल थाना बार, सोहित पुत्र जाहर सिंह निवासी धनगौल थाना बार, मानवेन्द्र पुत्र जंडैल सिंह निवासी पाचौनी कोतवाली ललितपुर, कमलेश जैन पुत्र शीलचन्द्र निवासी ग्राम टडीला थाना खरगापुर जिला टीकमगढ़, प्रदीप कुमार वर्मा पुत्र रामकुमार वर्मा निवासी अंजनी नगर तालबेहट, इमरत पुत्र गुंडे निवासी बालाबेहट, गोटी राम पुत्र बूचे निवासी गांधी नगर ललितपुर, हरसिंह पुत्र मौनलाल ग्राम चदांवली चीरा कोतवाली ललितपुर शामिल हैं।
सीएचसी में कराया दस घायलों ने उपचार
इनके अलावा सीएचसी तालबेहट में दस घायलों ने अपना उपचार कराया। इनके नाम हरवती पत्नी घनश्याम महावीरपुरा ललितपुर, प्रीति पाल पत्नी विनोद पाल मर्रोली थाना बार, राजकुमार पुत्र गुलाब सिंह पवा तालबेहट, कमल सिंह यादव प्रान सिंह ग्राम घनगौल थाना बार, निशा पुत्री छोटे लाल ग्राम नंदनवारा थाना जखौरा, अखिलेश यादव पुत्र जमना निवासी केशवगढ़ थाना मोहनगढ़ मप्र तथा दीपचंद पुत्र निशान सिंह, दिनेश पुत्र लक्ष्मन निवासी राजगढ़ झांसी, पूूजा पत्नी राघवेन्द्र सिंह निवासी ग्राम घनगौल थाना बार हैं।