पटरियों पर होगा काम, छह पैसेंजर रहेंगी निरस्त
- मेगा ब्लाक के कारण 21 मालगाड़ियां भी होगी प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रेलवे रविवार को चार घंटे का मेगा ब्लाक लेकर धौलपुर से बीना के बीच अप ट्रैक पर मेंटेनेंस का काम करेगा। इस दौरान छह पैसेंजर ट्रेनों को निरस्त रखा जाएगा और दो पैसेंजर आंशिक निरस्त रहेगी। दो ट्रेनों को अलग- अलग स्टेशनों पर अतिरिक्त वक्त रोके रखा जाएगा। इस ब्लाक से 21 मालगाड़ियां भी प्रभावित होंगी।
ब्लाक के कारण झांसी - आगरा कैंट पैसेंजर, आगरा कैंट - झांसी पैसेंजर, ग्वालियर - आगरा कैंट पैसेंजर, आगरा कैंट -ग्वालियर पैसेंजर, झांसी-बीना पैसेंजर और बीना- झांसी पैसेंजर नौ सितंबर को निरस्त रहेंगी। इसी तरह अप और डाउन की झांसी खजुराहो पैसेंजर झांसी और ललितपुर के मध्य निरस्त रहेगी। गोरखपुर -लोकमान्य तिलक टर्मिनस को झांसी- कानपुर खंड पर 140 मिनट और लोकमान्य तिलक टर्मिनल-गोरखपुर एक्सप्रेस को ललितपुर पर 40 मिनट अतिरिक्त समय रोका जाएगा।
इटावा-झांसी पैसेंजर का ठहराव बढ़ा
झांसी- इटावा-झांसी पैसेंजर (अप व डाउन) में सोनी स्टेशन पर 12 सितंबर से रुकेगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए पैसेंजर का ठहराव छह माह के लिए प्रायोगिक तौर पर किया है।
बुंदेलखंड एक्सप्रेस का परिचालन बिगड़ा
झांसी। वाराणसी से ग्वालियर के बीच चलने वाली बुंदेलखंड एक्सप्रेस का परिचालन अक्सर बिगड़ा रहता है। यह ट्रेन अधिकांश दिन इलाहाबाद से झांसी से एक से तीन घंटे तक देरी से आती है। शुक्रवार को इस ट्रेन से उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक रतनलाल सवार होकर आए थे। उनकी मौजूदगी के कारण यह ट्रेन पांच मिनट पहले ही झांसी आ गई थी। मगर, दूसरे दिन ही इस ट्रेन का परिचालन बिगड़ गया। शनिवार को यह गाड़ी सवा घंटे देरी से झांसी आई।