बीयू, टीकाराम कॉलेज की टीमें फाइनल में
अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जीतीं दोनों टीमें
- आज सुबह दस बजे से खिताब को भिड़ेंगी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
अंतर महाविद्यालय क्रिकेट (पुरुष) खेलकूद प्रतियोगिता में शनिवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस और टीकाराम कॉलेज की टीमें विजयी रहीं। रविवार को सुबह दस बजे से दोनों टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
पहला सेमीफाइनल मुकाबला बुंदेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस और राजीव गांधी महाविद्यालय बांदा के बीच खेला गया। विश्वविद्यालय की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट खोकर 126 रन बनाए। पौरुष ने नाबाद 60, पुष्पेंद्र ने 31 रनों की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजीव गांधी कॉलेज की टीम शुरूआत से ही लड़खड़ा गई और आखिरी तक इससे उभर नहीं सकी। टीम 75 रनों पर ही ऑल आउट हो गई। विश्वविद्यालय ने 51 रनों से यह मैच जीत लिया। दूसरा सेमीफाइनल मैच टीकाराम यादव महाविद्यालय और ललितपुर के भगवान आदिनाथ कॉलेज के बीच खेला गया। टीकाराम कॉलेज की टीम ने छह विकेट के नुकसान पर 110 रन बनाए। बाद में बल्लेबाजी करने उतरी भगवान आदिनाथ की टीम छह विकेट खोकर 75 रन ही बना सकी। टीकाराम कॉलेज की टीम ने 35 रनों से मैच जीत लिया। प्रतियोगिता में कई कॉलेजों की टीमें पूरी नहीं थी, उनको मौका देने के लिए अलग-अलग कॉलेज के खिलाड़ियों को मिलाकर मिश्रित टीम बनाई गई।
तीसरा मैच विश्वविद्यालय कैंपस और मिश्रित कॉलेजों की टीम के बीच हुआ। बीयू ने छह विकेट खोकर 111 रन बनाए। मिश्रित टीम 99 रन ही बना पाई और बीयू 13 रन से विजयी बन गई। विश्वविद्यालय के खेल मैदान में प्रतियोगिता का फाइनल मैच रविवार को होगा। प्रतियोगिता के दौरान स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. सूरजपाल सिंह, टीम चयनकर्ता शैलेंद्र सिंह सेंगर, परवेज खान, संजय साहू, विपुल, पीयूष नामदेव, जितेंद्र दीक्षित, रामविलास पटेल, पुष्पेंद्र यादव, ओमप्रकाश मौजूद रहे।