खबर की पीडीएफ लगाएं
...................................
कमिश्नर ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन से तलब की आख्या
- ‘अमर उजाला’ में प्रकाशित खबर का लिया संज्ञान
- विश्लेषण कर 23 अक्तूबर तक देना होगा जवाब
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की अव्यवस्थाओं पर ‘अमर उजाला’ में प्रकाशित खबर का कमिश्नर ने संज्ञान लिया है। उन्होंने 23 अक्तूबर तक कमियों का विश्लेषण कर कॉलेज प्रशासन से आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
अमर उजाला ने 11 अक्तूबर को मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की बदइंतजामी पर ‘चेंजिंग रूम में कबाड़, बाथरूम में गंदगी और जंग लगे स्ट्रेचर’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। किस तरह स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग को लापरवाही का रोग लगा हुआ है, यह बात खबर में उजागर हुई थी। कमिश्नर अमित गुप्ता ने खबर का संज्ञान लेते हुए मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. एनएस सेंगर और स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष से आख्या तलब कर ली है। कमिश्नर ने कहा कि मातृत्व स्वास्थ्य सेवाएं प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। अस्पताल आने वाली हर प्रसूता को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देना जरूरी है। उन्होंने प्राचार्य, विभागाध्यक्ष को निर्देश दिया कि स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग का स्वयं गहन निरीक्षण कर कमियों का विश्लेषण करें। आयुक्त ने कार्रवाई करते हुए उसकी फोटोग्राफ सहित विस्तृत आख्या 23 अक्तूबर तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।