स्वच्छताग्राहियों को बांटे प्रमाणपत्र
झांसी। उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने नगर निगम सभागार में जिला जनकल्याण महासमिति के स्वच्छता ग्राही सेमिनार में 30 स्वच्छताग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। खुले में शौच बंद हो जाए, इसलिए समिति जागरूकता अभियान चला रही है। समिति के कार्यकर्ता खुले में शौच के नुकसान बताकर लोगों को जागरूक कर रहे। ‘संकल्प से सिद्धि’ अभियान के दौरान समिति के कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका को देखते हुए उप मुख्यमंत्री ने 30 स्वच्छताग्राहियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर समिति अध्यक्ष जितेंद्र कुमार तिवारी उपस्थित रहे।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक रवि शर्मा, राजीव सिंह, जवाहर लाल राजपूत, बिहारी लाल आर्य, पूर्व उप सभापति विधानमंडल मानवेंद्र सिंह, निवर्तमान महापौर किरन वर्मा, जिलाधिकारी कर्ण सिंह चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जेके शुक्ला, नगर आयुक्त प्रताप सिंह भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय दुबे, आचार्य हरिओम पाठक उपस्थित रहे।
स्वच्छता की शपथ ली
उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा व उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों ने स्वच्छता की शपथ ली। विधायक रवि शर्मा ने शपथ दिलाई।
झलकियां
-----------
जुबान फिसली...
उपमुख्यमंत्री संबोधन से पहले मंच पर मौजूद गणमान्य लोगों के नाम ले रहे थे। उन्होंने महापौर को पार्षद कह कर संबोधित किया।
हट जाइए सामने से
उपमुख्यमंत्री जैसे ही संबोधन को खड़े हुए कैमरामैन मंच को घेरकर खड़े हो गए तो उन्होंने सख्त लहजे में सभी से हट जाने को कहा। इसके कुछ देर बाद जब सभी कैमरामैन वहां से हट गए, तब उन्होंने संबोधन शुरू किया।
सफाई रोज होती है या पहली बार
उपमुख्यमंत्री ने मंच से पूछा कि जिस तरह की सफाई आज हुई है, क्या रोज ऐसी ही सफाई होती है। उन्होंने सभी से हाथ उठाने को कहा तो सभी ने समर्थन कर दिया। इस पर उन्होंने नगर निगम के अफसरों को बधाई दी कि ऐसे ही काम करते रहें।