चार पैरामेडिकल कोर्सों पर ‘ब्रेक’
- इस साल पैरामेडिकल कॉलेज शुरू करने का था प्रस्ताव
- शासन की ओर से निरीक्षण के लिए नहीं भेजी गई टीम
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
इस साल पैरामेडिकल कॉलेज में शुरू होने जा रहे चार पैरामेडिकल कोर्सों पर ब्रेक लग गया है। शासन से मंजूरी नहीं मिल पाने के कारण अब कोर्सों की पढ़ाई सत्र 2017-18 में शुरू नहीं हो सकेगी।
मौजूदा समय में पैरामेडिकल कॉलेज में चार डिप्लोमा कोर्स डिप्लोमा इन डायलिसिस, डिप्लोमा इन फिजियोथेरेपी, डिप्लोमा इन सीटी, डिप्लोमा इन एमआरआई चल रहे हैं। सभी में 40-40 सीटें हैं। मेरिट के आधार पर प्रवेश होता है, इनमें 20 नंबर इंटरव्यू के जोड़े जाते हैं। नवंबर 2016 में कॉलेज प्रशासन ने चार पैरामेडिकल कोर्स यानी कि बीएससी नर्सिंग, बीएससी रेडियोएमेजिंग, बीएससी पैथोलॉजी, बीएससी फिजियोथेरेपी शुरू करने का प्रस्ताव तैयार किया था। कोर्सों की सीटें 40-40 निर्धारित कर शासन को स्वीकृति के लिए भेजा गया। आचार संहिता लगने और फिर विधानसभा चुनाव होने के कारण कोर्सों की फाइल शासन स्तर पर ही लटकी रही। नई सरकार के गठन के बाद इसका फॉलोअप न करने से प्रस्ताव ठंडे बस्ते में चला गया। अब नए सत्र की शुरूआत हो चुकी है और शासन ने कोर्स शुरू करने को मंजूरी नहीं दी है। इसलिए सत्र 2017-18 में छात्र-छात्राएं इन कोर्सों में प्रवेश नहीं पा सकेंगे। उन्हें अगले साल तक इंतजार करना पड़ेगा।
प्राचार्य डॉ. एनएस सेंगर ने बताया कि हाल ही में शासन स्तर पर अधिकारियों से कोर्स शुरू करने के संबंध में बातचीत हुई है। शासन ने जल्द ही निरीक्षण के लिए टीम भेजने की बात कही है। निरीक्षण के बाद टीम अपनी रिपोर्ट तैयार कर शासन को देगी। इसके बाद कोर्स शुरू हो सकेंगे।