- कोच में पानी भरने के लिए ट्रेनों के ठहराव का समय बढ़ाने का सर्वे करने आई कैमटेक की टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। कोच में पानी भरने के लिए स्टेशन पर ट्रेनों के रुकने का समय बढ़ाने के लिए शुक्रवार को सेंटर फॉर एडवांस मेंटेनेंस टेक्नोलॉजी (कैमटेक) की टीम सर्वे करने झांसी पहुंची। इस दौरान 14 ट्रेनों के कोच में पानी भरा गया और सर्वे टीम ने कोच में पानी भरने में लगने वाले समय की निगरानी की। लेकिन ट्रेन के कोच में पहले से पानी होने से टैंक भरने में लगने वाले समय को लेकर स्थिति साफ नहीं हो सकी। अब टीम ने झांसी रेल मंडल के अधिकारियों ने ट्रेन के खाली कोच मांगे हैं। अब इन कोचों के टॉयलेट टैंक को पूरी तरह खाली कराकर समय की स्थिति जांची जाएगी।
वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर ठहरने वालीं 115 ट्रेनों में पानी भरने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता है। कई बार पानी न भर पाने से यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। इस समस्या का समाधान करने के लिए झांसी रेल मंडल ने रेलवे बोर्ड को झांसी में ट्रेनों के ठहराव का समय बढ़ाने को लेकर पत्र लिखा था। इसके बाद बोर्ड के आदेश पर शुक्रवार को सेंटर फॉर एडवांस मेंटेनेंस टेक्नोलॉजी (कैमटेक) की टीम झांसी पहुंची। टीम के इंजीनियर और सुपरवाइजर की मौजूदगी में झांसी स्टेशन पर रुकने वालीं 14 ट्रेनों में पानी भरा गया। लेकिन पानी भरने में लगने वाले समय को लेकर स्थिति साफ नहीं हो सकी। अब टीम ने मंडल से सर्वे के लिए ट्रेन के खाली कोच मांगे हैं। इन कोच के टैंक पहले खाली किए जाएंगे और फिर उन्हें भरा जाएगा। बता दें कि एक कोच के दो वॉटर टैंक में 200 लीटर पानी आता है। जिसका इस्तेमाल कोच के चार टॉयलेट और वॉशबेसिन में होता है।
-
इन ट्रेनों में हुआ सर्वे
केरला एक्सप्रेस, रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस, समता एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, तिरुपति संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, अंडमान एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, पंजाब मेल, मदुरै-चंढीगढ़ एक्सप्रेस, खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक-गोरखपुर एक्सप्रेस, पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस, पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस, ग्वालियर-बरौनी मेल।
-
वर्जन
सेंटर फॉर एडवांस मेंटेनेंस टेक्नोलॉजी की टीम ने शुक्रवार को झांसी स्टेशन पर ट्रेनों के कोच में पानी भरकर सर्वे किया है।
मनोज कुमार सिंह, मंडल रेल जनसंपर्क अधिकारी।