झांसी। अटल भूजल योजना के तहत जिले में 14 अमृत सरोवर का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए दस गांवों में जमीन को चिह्नित कर लिया गया है। जबकि चार अन्य गांवों में जमीन की तलाश की जा रही है। फरवरी के अंत तक तालाबाें का निर्माण कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। निर्माण कार्य पर लगभग ढाई करोड़ रुपये खर्च होेंगे।
बरसात के पानी को जमा कर जमीन के भूगर्भ जल स्तर को बढ़ाने के साथ ही किसानों को सिंचाई के लिए पानी मुहैया कराने के लिए सरकार द्वारा अटल भूजल योजना को तैयार किया गया था। योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए जिले में 14 अमृत सरोवरों का निर्माण कराया जाएगा। जिसके तहत मऊरानीपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत बुखारा, लहचूरा घाट, चकारा, खदरंका भदरवारा एवं बबीना ब्लाक की ग्राम पंचायत सिमिरिया, पुनावली कलां में दो, सुकवां व अमरपुर में जमीनों को चिह्नित कर तालाबों का निर्माण कराने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं चार अन्य गांवों में तालाब की खुदाई के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। फरवरी माह के अंत तक तालाबों का निर्माण कार्य को पूरा कर लिया जाएगा।
उपायुक्त मनरेगा राम अवतार ने बताया कि अटल भूजल योजना के तहत जिले की ग्राम पंचायतों में 14 अमृत सरोवर का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए जमीन को चिह्नित कर लिया गया है। फरवरी के अंत तक तालाबों का निर्माण कार्य को पूरा कर लिया जाएगा।