फोटो..
एबीवीपी प्रदेश मंत्री को पुलिस ने पीटा
गुस्साए कार्यकर्ताओं ने चौकी के सामने डेढ़ घंटे जाम रखी रोड
चौकी इंचार्ज समेत दो लाइन हाजिर
आपसी विवाद के मामले में बातचीत करने विश्वविद्यालय पुलिस चौकी गए थे
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के प्रदेश मंत्री, प्रांत प्रमुख समेत तीन की पिटाई के आरोप में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी और एक दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। एबीवीपी कार्यकर्ता दो लोगों के आपसी विवाद के मामले में बातचीत करने पुलिस चौकी गए थे। आरोप है कि बहस होने पर चौकी इंचार्ज व अन्य दरोगा ने तीनों की पिटाई कर दी। इससे गुस्साए कार्यकर्ताओं ने चौकी के सामने रोड जाम कर दी। डेढ़ घंटे तक वाहन फंसे रहे।
शिवाजी नगर निवासी अबरार की वेज बिरयानी की दुकान है। उसके पास ही एक और वेज बिरयानी की दुकान खुली है। बृहस्पतिवार रात किसी बात को लेकर दोनों दुकानदारों में कहासुनी हो गई थी। अबरार के खिलाफ दूसरे दुकानदार ने विश्वविद्यालय पुलिस चौकी में शिकायती पत्र दिया था। बताया गया कि शुक्रवार को पुलिस चौकी से अबरार के पास फोन पहुंचा। पुलिस ने उसको चौकी बुलाया। मामले की जानकारी होने पर एबीवीपी के प्रदेश मंत्री प्रवीण लखेरा, प्रांत प्रमुख पंकज शर्मा, स्टूडेंट फॉर डेवलपमेंट के महानगर प्रमुख शिखर गोस्वामी शुक्रवार सुबह पुलिस चौकी पहुंच गए। प्रवीण चौकी इंचार्ज दिलीप कुमार मिश्रा से घटना के संबंध में बातचीत करने लगे।
प्रवीण का आरोप है कि चौकी इंचार्ज नेतागिरी करने की बात कहते हुए उनके साथ मारपीट करने लगे। जेब में रखे 35,000 रुपये भी छीन लिए। पंकज, शिखर को भी चौकी इंचार्ज और साथी दरोगा गोकुल ने पीटा। सूचना मिलने पर एबीवीपी के विश्वविद्यालय अध्यक्ष सतेंद्र प्रताप चौधरी, पवन साहू, अखिल उत्तम, अंकुर जादौन, देवेश बालियान सहित 70-80 कार्यकर्ताओं ने चौकी का घेराव कर लिया। आरोपियों को निलंबित करने की मांग करते हुए चौकी के सामने की सड़क जाम कर दी। इससे लगभग डेढ़ घंटे आवागमन बाधित रहा। कार्यकर्ता पुलिस-प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाते रहे।
सूचना पर एसपी सिटी देवेश कुमार पांडेय, सीओ सिटी जितेंद्र सिंह परिहार पुलिस फोर्स के साथ चौकी पहुंच गए। भाजपा नेता संजीव ऋंगीऋिषि, रोहित गोठनकर समेत कई भाजपाई भी चौकी पहुंचे और पुलिस पर जबरन बर्बरता का आरोप लगाते हुए आरोपी पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की बात कही। संजीव ने एसएसपी से फोन पर बात की। आलाधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर एबीवीपी कार्यकर्ता सड़क से हटे और आवागमन सुचारु हुआ। एसपी सिटी ने बताया कि चौकी इंचार्ज दिलीप कुमार मिश्रा और दरोगा गोकुल को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही विभागीय जांच शुरू हो गई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बॉक्स..
न डीजीपी बदले, न एसएसपी
विश्वविद्यालय पुलिस चौकी में डीजीपी से लेकर जिला स्तर तक के पुलिस अधिकारियों के नाम और नंबर की सूची चस्पा है। बीते 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हुए पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह की जगह ओपी सिंह को पुलिस महानिदेशक का पदभार संभाले दो महीने बीत चुके हैं। वहीं, जेके शुक्ला की जगह विनोद कुमार सिंह को एसएसपी का कार्यभार लिए भी तीन दिन बीत गए हैं। इसके बावजूद चौकी पर लगे बोर्ड में पूर्व अधिकारियों के नाम ही दर्ज हैं।