तीन दिन पहले की पीडीएफ लगाएं
................................................
मेडिकल कॉलेज में अब बायोमेट्रिक उपस्थिति
- सभी कक्षाओं में लगाई जाएंगी इलेक्ट्रॉनिक मशीनें, होगी पारदर्शिता
- 2016 बैच के छात्रों का आरोप, चहेतों की वजह से हुआ परीक्षा स्थगन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में अब छात्र-छात्राओं की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाएगी। इसके बाद उपस्थिति पूरी तरह ऑनलाइन हो जाएगी। एमबीबीएस 2016 बैच के एक भी विद्यार्थी की 75 फीसदी उपस्थिति नहीं होने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने यह फैसला लिया है।
मेडिकल कॉलेज में 100 छात्र-छात्राओं के एमबीबीएस 2016 बैच में एक भी विद्यार्थी ने कक्षाओं में 75 प्रतिशत उपस्थिति नहीं की। नियमानुसार मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने 11 सितंबर से होने वाली परीक्षाएं स्थगित कर दीं। इस पर विद्यार्थी ने मुख्यमंत्री के आईजीआरएस पोर्टल पर एक शिक्षक के चहेते छात्रों की उपस्थिति 75 प्रतिशत नहीं होने के चलते परीक्षाएं स्थगित कराने की शिकायत कर दी। इसकी जांच कमिश्नर कर रहे हैं। मेडिकल कॉलेज की ओर से 2016 बैच के सभी विद्यार्थियों से शिकायत नहीं करने संबंधी शपथपत्र कमिश्नर को सौंपे गए लेकिन उन्होंने अस्वीकार कर दिया। कमिश्नर ने कॉलेज से शिकायत के सभी बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी है। इन सबको मद्देनजर रखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने अब छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बायोमेट्रिक से दर्ज कराने का फैसला लिया है।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. एनएस सेंगर ने बताया कि सभी कक्षाओं में बायोमेट्रिक मशीन लगवाई जाएंगी। इससे विद्यार्थियों की उपस्थिति ऑनलाइन हो जाएगी, साथ ही कोई छात्र बेवजह किसी पर आरोप नहीं लगा पाएगा।