खुराफातियों की तैयार करें रिपोर्ट
झांसी। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवसहाय अवस्थी ने कहा कि जोनल व सेक्टर अधिकारी क्षेत्र के भ्रमण के दौरान संवेदनशील बूथों की भी जानकारी हासिल कर लें। गांवों मेें खुराफातियों की जानकारी लें और रिपोर्ट दें। निर्वाचन शुचिता और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए ये जरूरी है। ये निर्देश उन्होंने बृहस्पतिवार को चुनाव से संबंधित बैठक में दिए।
कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि भ्रमण के दौरान रूट चार्ट साथ रखें। बूथ तक का मार्ग ठीक नहीं है तो इसकी रिपोर्ट दें। साथ ही बूथ पर रैंप, शौचालय, पेयजल आदि की उपलब्धता की जानकारी लें। इस दौरान डीएम ने सभी बूथों पर सोलर लाइट की व्यवस्था के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि ग्राम प्रधान सोलर लाइट खरीद लें, ताकि विद्युतापूर्ति बाधित होने पर मतदान बाधित न हो। दिव्यांग मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें, इसके लिए रैंप और व्हील चेयर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी बी राम, एडीओ जगरूप सिंह पटेल, युवा कल्याण अधिकारी धर्मेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।