एमपीएल-2 ट्राफी पर मास्टर ब्लास्टर का कब्जा
झांसी। डेली स्थित आरएनएस वर्ल्ड स्कूल में मास्टर्स प्रीमियर लीग (एमपीएल)- 2 का फाइनल मैच मास्टर ब्लास्टर और आजाद क्लब के बीच खेला गया। महेंद्र यादव की घातक गेंदबाजी की बदौलत मास्टर ब्लास्टर की टीम ने 35 रनों से मैच जीत लिया।
आजाद क्लब ने टॉस जीतकर फील्डिंग करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी मास्टर ब्लास्टर की टीम ने 15 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 90 रन बनाए। महेंद्र यादव ने 23, कप्तान आनंद यादव और रोहित ने 16-16 तथा अवधेश ने 11 रनों की पारी खेली। आजाद क्लब की ओर से खुर्शीद हसन, विपिन व्यास, अभिषेक और ध्रुव पुरोहित ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आजाद क्लब की खराब शुरूआत रही और एक-एक कर बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छुए बगैर पवेलियन लौट गए। अभिषेक चतुर्वेदी ने सर्वाधिक 10 रन का योगदान दिया। पूरी टीम 55 रनों पर ढेर हो गई। मास्टर ब्लास्टर की तरफ से महेंद्र यादव ने चार, राकेश व देवेंद्र ने दो-दो विकेट लिए।
चार विकेट झटकने वाले महेंद्र यादव मैन ऑफ द मैच बने। मैन ऑफ द सीरीज और मोस्ट वैल्यूएबल खिलाड़ी का खिताब डॉ. देवेंद्र यादव को, द लीजेंड प्लेयर ऑफ बेसिक क्रिकेट का पुरस्कार आनंद यादव को मिला। इसी प्रकार से सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और फील्डर का पुरस्कार रवि कुशवाहा और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार ध्रुव को मिला। सभी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि अनुराधा शर्मा ने पुरस्कृत किया। इस मौके पर अजय, बृजेंद्र, प्रदीप यादव, मनोज, गिरीश, मनीत, रितुल मौजूद रहे।