पानी की किल्लत है तो कंट्रोल रूम में शिकायत करें
झांसी। गर्मियों में ग्रामीण क्षेत्र के निवासियों को पानी की किल्लत से न जूझना पड़े, इसलिए कंट्रोल रूम तैयार किया जा रहा है। एक मार्च से कंट्रोल रूम सक्रिय हो जाएगा।
जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी ने बैठक करके निर्देश दिए थे कि जिला स्तर और ब्लाक स्तर पर एक मार्च से कंट्रोल रूम शुरू कर दिया जाए। कंट्रोल रूम मार्च में सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक और अप्रैल में 24 घंटे संचालित किया जाएगा, जिसमें शिफ्टवार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। एक रजिस्टर बनेगा, जिसमें पेयजल संबंधी शिकायतों को दर्ज किया जाएगा।
जिला विकास अधिकारी उग्रसेन सिंह यादव ने बताया है कि विकास भवन में कंट्रोल रूम का टेलीफोन नंबर 0510-2440399 है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत राज अधिकारी एपी त्रिपाठी को निर्देशित किया गया कि कर्मचारियों को शिफ्टवार तैनात कर उनके नाम और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराएं। सभी खंड विकास अधिकारियों को भी कंट्रोल रूम बनाकर कर्मचारियों को तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।