बुंदेलखंड के सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेंगे: बाबू सिंह
पूर्व मंत्री और जन अधिकार मंच के प्रमुख बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि उनकी पार्टी बुंदेलखंड की सभी लोकसभा सीटों पर अपना प्रत्याशी उतारेगी। जो समान विचारधारा वाली पार्टी होगी, उसके साथ गठबंधन करेंगे।
लक्ष्मी व्यायाम मंदिर में कुशवाहा समाज के हुए कार्यक्रम में अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने कहा कि एससी - एसटी एक्ट में नया कुछ नहीं है। एक्ट से समाज के कमजोर वर्ग के लोगों को संरक्षण मिलेगा। क्योंकि सिर्फ संपन्नता से ही लोगों को सुरक्षा नहीं मिल जाती है। देश का एक बड़ा हिस्सा जाति व्यवस्था से उबरा नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में कुशवाहा समाज की ताकत बढ़ी है। वर्ष 2016 से जन अधिकार पार्टी ने जनसंपर्क यात्रा कर समाज को एकजुट किया है। उन्होंने बताया कि पार्टी द्वारा समीक्षा के बाद तय होगा, कि प्रदेश में कहा उसके प्रत्याशी लोकसभा चुनाव में उतारे जायें।