शहर के सभी मदरसों पर लहराया तिरंगा
गले मिलकर एक दूसरे को दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुधवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शहर के अनुदानित, गैर अनुदानित और दीनी मदरसों पर तिरंगा लहराया गया। झंडारोहण के बाद मदरसा के छात्र और छात्राओं ने एक दूसरे से गले मिलकर स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। मदरसों में इस दिन जश्न के रूप में मनाया।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शहर के सभी मदरसों में सुबह से ही जश्ने आजादी का माहौल दिखने लगा। मदरसे के सभी छात्रों को पहले ही इस दिन उपस्थित रहने के लिए मदरसा संचालकों ने विशेष रूप से हिदायत दे रखी थी। इस कारण शहर के अधिकांश मदरसों में छात्र और छात्राओं की संख्या देखने को मिली। शहर के मदरसों में ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद मुस्लिम धर्म गुरूओं ने जंगे आजादी के किस्से बताए। वहीं कोतवाली स्थित दीनी मदरसा दावतुल कुरान लिल बनात में पहली बार ध्वजारोहण का कार्यक्रम किया गया।
जिसमें मदरसे कि छात्राओं ने स्वयं ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद मदरसे की छात्राओं ने मुल्क की हिफाजत करने की शपथ ली। वहीं, मदरसा तालिमुल कुरान बिसाती बाजार में मौलाना आमिल ने ध्वजारोहण किया। खैलार स्थित दारूल उलूम में मौलाना सैफउद्दीन ने मदरसे में ध्वजारोहण किया। इस मौके पर मदरसों में जमकर मिठाई का वितरण किया गया।
जंगें आजादी में सभी धर्मों के लोगों ने कुरबानियां दी हैं। इस मुल्क में सभी का बराबर का हिस्सा है। हमारे पुरखों ने इस देश को आजाद कराकर यहीं रहना पसंद किया। यह मुल्क हमारे लिए सबसे बेहतर मुल्क है। देश के हर नागरिक को जश्ने आजादी बड़े धूम से मनाना चाहिए।
मुफ्ती साबिर अंसारी