सिविक एमीनिटीज
---------------
बड़ाबाजार और सुभाषगंज से 15 किलो पॉलिथीन जब्त
नगर निगम 25 तक चलाएगा अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
बुधवार को नगर निगम ने बड़ाबाजार और सुभाषगंज से 15 किलोग्राम पॉलिथीन जब्त की। अभियान के दौरान शहर के सभी वार्डों में प्रतिदिन पांच से सात किलोग्राम तक प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त की जा रही है। अभियान 25 अगस्त तक चलेगा।
फल, ब्रेड, चाय, सब्जी, दूध, तेल आदि रोजमर्रा की खाने-पीने वाली सामग्री खरीदने के लिए कोई थैला लेकर बाजार नहीं जाता है, सभी दुकानदार की पॉलिथीन के भरोसे रहते हैं। ये पॉलिथीन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह होती है। शासन ने इस पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट भी निर्णय सुना चुका है, लेकिन पॉलिथीन का उपयोग रुक नहीं रहा है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए थे कि इसके खिलाफ अभियान चलाएं। नगर निगम 17 से 25 अगस्त तक अभियान चला रहा है। शहर के सभी साठ वार्डों को दस सर्किल में बांटा गया है। सर्किलों में अभियान के दौरान प्रतिदिन 05 से 07 किलोग्राम तक पॉलिथीन जब्त की जा रही है।
बुधवार को बड़ाबाजार क्षेत्र में चले अभियान के दौरान 15 किलोग्राम पॉलिथीन जब्त की गई। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. राकेश बाबू ने बताया कि सीपरी बाजार, इलाइट, बस स्टैंड समेत सभी प्रमुख क्षेत्रों में प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त की जा रही है। इस दौरान सफाई एवं खाद्य निरीक्षक रविचंद्र निरंजन, महेश चंद्र वर्मा, रघुराज सिंह, मनोज श्रीवास्तव, एसके चौरसिया, दयानंद मुरजानी, अभिलाष रायकवार उपस्थित रहे।
ऐसे लग सकती है रोक
- जनता इसकी हानियों को समझे
- जनप्रतिनिधि आगे आएं
- स्वयंसेवी संस्थाएं भी सहयोग करें
- निर्माताओं व व्यापारियों को जवाबदेह बनाकर
- अफसरों द्वारा लगातार मानीटरिंग करके
- जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करके