रजिस्टर में दवा का कॉलम खाली होने पर एडी नाराज
- जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
जिला अस्पताल में निरीक्षण करने पहुंचे अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण ओपीडी रजिस्टर में दवा कॉलम खाली होने पर नाराज हुए। उन्होंने डॉक्टरों से लिखी जा रहीं दवाओं का रजिस्टर में उल्लेख करने को कहा।
बृहस्पतिवार को सुबह लगभग 11 बजे एडी हेल्थ डॉ. एके मिश्रा जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। वह सीधे ओपीडी में पहुंच गए। यहां उन्होंने ओपीडी रजिस्टर देखना शुरू कर दिया। इस दौरान उन्हें ओपीडी में रजिस्टर का दवा कॉलम खाली मिला। इस पर वह डॉक्टरों से नाराज हुए। उन्होंने कहा कि जो दवाएं मरीजों को लिखी जा रही हैं, उसको रजिस्टर में भी दर्ज किया जाए। वहीं, हड्डी की ओपीडी में मरीजों की ज्यादा भीड़ देख उन्होंने सीएमएस डॉ. बीके गुप्ता से यहां पर दो डॉक्टर बैठाने को कहा। इसके बाद वह एसआरएल लैब पहुंचे। यहां मरीजों ने एडी से दस्तावेजों की बाहर से फोटोकॉपी कराने की शिकायत की। एडी ने लैब के कर्मचारियों से मरीजों को बाहर से फोटोकॉपी नहीं कराने के निर्देश दिए। इसके बाद वह सीएमएस के कक्ष पहुंच गए।