झांसी। कोरोना काल के दौरान कराए गए पंचायत चुनाव का खामियाजा सरकारी मशीनरी को बुरी तरह भुगतना पड़ रहा है। झांसी में मतदान कराने के बाद लौटे करीब 1200 सरकारी कर्मचारी संक्रमित हो गए। वहीं, चपेट में आने के बाद विभिन्न महकमों के करीब तीन दर्जन कर्मियों की मौत हो चुकी। जबकि कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
हाईकोर्ट ने पंचायत चुनावों के चलते कोरोना संक्रमण की बढ़ोत्तरी को लेकर यूं ही तल्ख टिप्पणी नहीं कि बल्कि इसकी पुष्टि कोविड-19 की जांच रिपोर्ट के आंकड़े भी करते हैं। सरकारी आंकड़े भी गवाही दे रहे हैं कि कोरोना संक्रमण की दर बढ़ाने में इन चुनावों का अहम रोल रहा। 31 मार्च तक जनपद में कुल संक्रमितों की संख्या 10771 थी लेकिन, 3 अप्रैल से शुरू हुई चुनावी प्रक्रिया के बाद इसमें अचानक तेजी दिखाई पड़ी। 15 अप्रैल को मतदान खत्म होने के बाद कोविड संक्रमितों की संख्या दो गुने से अधिक 24906 हो गई। इनमें सरकारी कर्मचारियों की भी बड़ी तादात है। चुनावी ड्यूटी के चलते सबसे अधिक चपेट में शिक्षा विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, विद्युत विभाग, कृषि विभाग के कर्मचारी आए। शिक्षा विभाग के अनुदेशक, शिक्षामित्र समेत अन्य करीब 4100 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन अध्यक्ष रसकेंद्र गौतम का कहना है चुनाव ड्यूटी से लौटने के बाद 1000 शिक्षाकर्मी संक्रमित हो गए। उनका दावा है 20 शिक्षाकर्मियों की मौत भी हो चुकी। इसी तरह चुनावी ड्यूटी से लौटा राजकीय पॉलीटेक्निक का 18 लोगों का स्टॉफ भी संक्रमित हो गया। संक्रमित होने के बाद वरिष्ठ अधिकारी एके त्रिपाठी एवं रामेंद्र सिंह की 23 तारीख को मौत हो गई। प्रधानाचार्य नवीन कुमार के भी संक्रमित होने के बाद उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। ग्राम्य विकास विभाग के भी दर्जनों सचिव एवं एडीओ भी संक्रमण की चपेट में हैं। चुनावी ड्यूटी कराने के दौरान कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक, उपनिदेशक भूमि संरक्षण समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी संक्रमित हैं। सीधे चुनाव कराने वाले पांच आरओ, करीब पंद्रह एआरओ समेत कई बीडीओ भी इसी चुनाव के दौरान संक्रमित हो गए। बता दें, मतदान कराने के लिए कुल 7388 कर्मचारियों की ड्यूटी विभिन्न ब्लॉकवार लगाई गई थी। इनमें सर्वाधिक शिक्षाकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
जनपद में संक्रमित मरीज मिलने का तिथिवार ब्योरा
तिथि संक्रमित मरीजों की संख्या
10 अप्रैल 239
11 अप्रैल 362
12 अप्रैल 406
13 अप्रैल 462
14 अप्रैल 523
15 अप्रैल 650
16 अप्रैल 640
17 अप्रैल 742
18 अप्रैल 838
19 अप्रैल 457
20 अप्रैल 881
21 अप्रैल 851
22 अप्रैल 762
23 अप्रैल 1022
24 अप्रैल 834
25 अप्रैल 1048
26 अप्रैल 879
चुनाव आयोग ने मांगा संक्रमित कर्मियों का ब्यौरा
हाईकोर्ट की तल्ख टिप्पणी के बाद चुनाव आयोग ने जिला निर्वाचन कार्यालय से चुनाव के दौरान संक्रमित हुए कर्मचारियों का ब्यौरा मांगा है। आयोग ने इसके लिए एक प्रोफार्मा भेजा है, जिसके मुताबिक यहां से सूचनाएं एकत्रित करके उसे आयोग को भेजी जाएंगी। इसके लिए सभी ब्लॉकवार सूचनाएं अलग से एकत्रित की जा रही हैं।