आदर्श गांव के लिए तीन प्रस्ताव पारित
झांसी। ‘उन्नत भारत अभियान’ के तहत मडगुआं को आदर्श गांव बनाने के लिए खुली बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा से संबंधित तीन प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय और जिला शासकीय अधिकारी उपस्थिति रहे। ग्राम सभा के सदस्यों ने विकास से संबंधित कार्यों की रूपरेखा पर भी चर्चा की।
प्राथमिकता के आधार पर पुराने पंचायत भवन को स्वास्थ्य उपकेंद्र बनाने, कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं एक हाईस्कूल खोलने को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया। अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र बबेले ने कहा की तीनों प्रस्तावों को शासन से पारित करवाया जाएगा। उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके पांडेय ने स्वच्छता एवं स्वास्थ्य का महत्व ग्रामीणों को बताया। बीयू के डॉ. यतींद्र मिश्रा, डॉ. अभिमन्यु सिंह, डॉ. महेंद्र कुमार हिस्सा लिया। जिला प्रशासन प्रतिनिधि के रूप में ग्राम पंचायत अधिकारी राधा वल्लभ नायक, खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार, दीप्ति रिछारिया, डीआईओएस प्रतिनिधि अनीष कुमार हजेला मौजूद रहे। मानव संसाधन मंत्रालय की योजना ‘उन्नत भारत अभियान’ के लिए झांसी की जिम्मेदारी बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को दी गई है। इसके अंतर्गत विश्वविद्यालय सीडीओ के सहयोग से चयनित गांवों में अभियान को लेकर काम कर रहा है।