मौसम खुशगवार, माताटीला पहुंचे पर्यटक
- बारिश से बांध के आसपास के क्षेत्र में छाई हरीतिमा
- पारीछा और सुकुवां ढुकुवां बांध पर भी बढ़ी लोगों की आवाजाही
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बारिश से मौसम खुशगवार होते ही माताटीला बांध पर पर्यटकों का पहुंचना शुरू हो गया है। हालांकि, अभी बांध के 15 फीट खाली है इससे गेट खुलने में वक्त लगेगा। मगर, आसपास की हरियाली और बांध में बढ़ता पानी सभी को लुभा रहा है। पारीछा और सुकुवां ढुकुवां बांध पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। खासतौर पर छुट्टी वाले दिन खासी भीड़ उमड़ रही है।
ललितपुर जिले का माताटीला बांध बुंदेलखंड के प्रमुख पर्यटक स्थलों में से एक है। गर्मी की वजह से यहां वीराना पड़ा था। पिछले एक महीने में बांध के आसपास क्षेत्र में 250 मिलीमीटर बारिश हो चुकी हैं। इस बारिश से बांध का जलस्तर अभी सात फीट ही बढ़ सका है और अभी 15 फीट खाली है। मगर, बारिश से बांध के चारों तरफ हरियाली हो गई है। धूप न निकलने से ठंडी हवाएं चल रही हैं। इससे यहां का मौसम खुशगवार बना हुआ है। यहां पर्यटकों का पहुंचना शुरू हो गया है। बांध पर लोग परिवार के साथ पिकनिक मना रहे हैं। बांध के पास बने बगीचों में घूमकर युवा हो चाहे बच्चे खेलकूद कर मौसम का आनंद ले रहे हैं।
मालूम हो कि, मध्य प्रदेश के भोपाल, विदिशा और प्रदेश के ललितपुर में झमाझम बरसात थमने से राजघाट, माताटीला समेत अन्य बांधों का जलस्तर भी ठहर गया है। माताटीला बांध का जलस्तर 1,012 फीट है और इस समय बांध में 996.60 फीट पानी है। इस हिसाब से बांध 15 फीट खाली है। हालांकि, 1,006 फीट से ऊपर पानी होने पर गेट खोल दिए जाएंगे। बांध के गेट खुलते ही यहां का दृश्य और मनोरम हो जाएगा।
फोटो
सड़क की हालत खस्ता
सिंचाई विभाग की अनदेखी के कारण माताटीला बांध के ऊपर और आसपास जुड़ी सड़क की हालत खस्ता है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं और गिट्टी निकल गई है। इससे पैदल चलने वालों को तो परेशानी होती ही हैं, वाहन चालक भी परेशान रहते हैं। यह खराब सड़क बांध की सुंदरता को खराब कर रही है।