वालीबाल में आरएलपीएस व सेंट जेवियर का जलवा
झांसी। भेल के सेंट जेवियर कालेज में जिला स्तरीय बालीबाल प्रतियोगिता हुई। इसमें आरएलपीएस एवं सेंट जेवियर कालेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। आरएलपीएस ने सीनियर व जूनियर दोनों ही वर्ग के फाइनल मुकाबले में जगह बनायी।
कालेज में सीनियर बालक वर्ग के हुए सेमीफाइनल मैचों में आरएलपीएस ने सेंट मार्क्स कालेज को 25 - 16, 25 - 12 से, दूसरे सेमीफाइनल मैच में सेंट जेवियर कालेज ने माडर्न स्कूल को 25 - 18, 25 - 21 से हराया। फाइनल मैच शनिवार को होंगे। जूनियर बालक वर्ग के सेमीफाइनल मैच में आरएलपीएस ने माडर्न स्कूल को 25 - 12, 25 - 6 से हराया। इससे पूर्व हुए लीग मैचों में ब्लू बेल्स स्कूल ने सेंट जेवियर को 25 - 15, 26 - 24 से, माडर्न स्कूल ने एमएलएम कालेज को 25 - 20, 25 - 17 से, तीसरे मैच में सेंट मार्क्स कालेज ने डॉन बास्को स्कूल को 25 - 6, 25 - 17 से हराया। जूनियर बालक वर्ग में माडर्न स्कूल ने वॉक ओवर पाया। जबकि सेंट जेवियर ने डॉन बास्को को हराया। इससे पहले पूर्व बिशप फ्रेडरिक डिसोजा की स्मृति में हुई प्रतियोगिता का शुभारंभ बिशप पीटर परापुलिल्ल ने किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी के अंदर विशेष जज्बा और उत्साह होता है। जो देश भक्ति की भावना विकसित करता है। इस अवसर पर प्राचार्य फादर पीटर बद्रीप्रसाद सेन, अशोक यादव व गुलजारी लाल निरंजन मौजूद रहे।