मौसम का लोगो
---------------
फोटो..
गिरा रात का पारा, अब आने ही वाला है जाड़ा
दिन में अभी है उमस, पर दीपावली बाद मिलेगी राहत
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
अक्तूबर की शुरूआत होते ही मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। दिन पहले की तरह ही गर्म हैं मगर तापमान कम होने से रातें नर्म होने लगी हैं। मौसम विभाग दीपावली के बाद दिन का भी तापमान कम होने का अनुमान जता रहा है।
झांसी में हर साल 15 अक्तूबर के आसपास से सर्दी शुरू हो जाती है। इस बार भी ऐसा ही होगा। अक्तूबर की शुरूआत से ही सर्दी की आहट शुरू हो गई। कुछ समय पहले तक रात को भी गर्मी, उमस से लोगों के हाल बेहाल थे। मौजूदा समय में दिन का तापमान तो पहले की ही तरह है मगर रात को ठंडक का अहसास होने लगा है। सूरज ढलने के बाद पिछले दिनों की तुलना में अब रात का तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस कम हो रहा है और 25 के आसपास ठहर गया है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. मुकेश चंद्र ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान गिरना शुरू हो गया है। इसलिए वहां से आने वाली हवाएं ठंडक लेकर आ रही हैं। अभी रात का पारा कुछ गिरने लगा है। दीपावली के बाद दिन का भी तापमान कम होना शुरू होगा। फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है मगर बदल जरूर छाए रह सकते हैं।
बॉक्स..
नमी पर करें बुवाई
मौसम वैज्ञानिक ने किसानों को बुवाई के संबंध में कुछ सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि कम बारिश की वजह से अभी पानी की कमी है। इसलिए बुवाई पलेवा लगाकर नमी होने पर ही करें। बिना पलेवा लगाए करेंगे, तो पौधा बढ़ा होने पर झुलस जाएगा। उन्होंने किसानों को चना, मटर, मशहूर, सरसों, अलहन, जौ, कठिया गेहूं जैसी कम पानी वाली फसलों की बुवाई करने की सलाह दी। हालांकि, बुवाई के पूर्व खेत को पानी से सींचकर नमी जरूर बनाएं। आठ-दस दिन बाद बुवाई का उचित समय शुरू होगा। 15 नवंबर से ठंडक बढ़ने से खेतों को रात में नमी मिलने लगेगी।