चार घंटे ठप रही बिजली, जलापूर्ति पर पड़ा असर
हंसारी ट्रांसमिशन सबस्टेशन पर मेंटेनेंस के कारण बंद रही आपूर्ति
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
हंसारी ट्रांसमिशन सबस्टेशन पर हाइटेंशन लाइन पर मेंटेनेंस काम के चलते शुक्रवार को महानगर के दस सबस्टेशनों से जुड़े क्षेत्रों की बिजली चार घंटे बंद रही। इसका असर जलापूर्ति पर भी रहा।
शुक्रवार को हंसारी ट्रांसमिशन सबस्टेशन पर सुबह छह बजे से दस बजे तक हाइटेंशन लाइन के जंपरों (जोड़) को कसने का काम हुआ। इस कारण जेल चौराहा, गल्लामंडी, रानीमहल, मुन्नालाल, पुलिया नंबर नौ, प्रेमनगर, नंदनपुरा, सीपरी बाजार, बिजौली, ग्रोथ सेंटर, भेल, बरुआसागर और बबीना सबस्टेशनों से जुड़े क्षेत्रों की बिजली गुल रही। सुबह-सुबह बिजली न मिलने से इसका सीधा प्रभाव लोगों की दिनचर्या पर पड़ा। वहीं, लगातार चार घंटे तक बिजली न रहने के कारण अधिकांश पानी की टंकियों से सुबह के समय पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्र में स्थित सिविल लाइन टंकी से जुड़े सिविल लाइन, स्टेशन रोड, आफीसर्स कॉलोनी, इलाइट, ग्वाल टोली, टंडन रोड, मसीहागंज समेत आसपास क्षेत्रों में शाम को सप्लाई मिल सकी।