अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी-कानपुर रेल लाइन पर ट्रेन के आगे कूदकर 10वीं के छात्र ने जान दे दी। वह घर से कोचिंग के लिए निकला था। इसके बाद वापस नहीं लौटा। यहां परिजन उसकी तलाश करते रहे। घंटों बाद उसका शव रेलवे लाइन पर मिला।
रक्सा थाना इलाके के ग्राम सिमरा निवासी नारायण सिंह खेतीबाड़ी करते हैं। उनके दो बेटे संगम यादव (17) और सागर यहां पठौरिया पर दादी के साथ रहते थे। संगम पठौरिया स्थित एक स्कूल में 10वीं का छात्र था। रिश्तेदार अमोल सिंह ने बताया कि बुधवार की शाम तकरीबन पांच बजे संगम दादी से कोचिंग जाने की बात कह निकला था। इसके बाद दादी मंदिर चली गई थी। काफी देर बाद जब संगम घर नहीं आया तो दादी ने इसकी सूचना परिवार के अन्य लोगों को दी। सभी संगम की खोजबीन में जुट गए। उन्हें रेलवे लाइन के पास एक शव के पड़े होने की जानकारी हुई। शव संगम का निकला। छात्र के आत्मघाती कदम उठाने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पड़ताल में जुटी हुई है। परिवार के लोगों ने बताया कि मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखने पर संगम अकेला रेल की पटरी की ओर जाता नजर आ रहा है। बता दें कि संगम पढ़ाई में काफी होशियार था और वह ज्यादा किसी ने मतलब नहीं रखता था। बुधवार को उसका चश्मा टूट गया था, जिससे कुछ परेशान था।