मच्छर रहेंगे दूर, चेहरे पर भी दिखेगा ‘नूर’
झांसी।
चुनाव ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारी बिना किसी असुविधा के अपनी जिम्मेदारी निभा सकें इसके लिए जिले में अनूठी पहल की गई है। सभी पोलिंग पार्टियों को जरूरी दैनिक उपयोग के सामानों की किट दी जाएगी। इस किट में वे सभी साजोसामान रहेंगे जिनकी बदौलत ड्यूटी पर जाने से पहले वे चैन की नींद सो सकें और उनके चेहरे की रौनक बरकरार रहे। बाद में ये किट उनसे वापस ले ली जाएगी।
जिले की चारों विधानसभाओं की 1694 पोलिंग बूथों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा। प्रत्येक बूथ पर पीठासीन अधिकारी समेत चार कर्मचारियों की पोलिंग पार्टी तैनात रहेगी। कर्मचारियों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रत्येक पोलिंग पार्टी को किट उपलब्ध कराई जाएगी। किट में सोलर लालटेन, बाल्टी, मग, मच्छर अगरबत्ती, कंघा, शीशा, तौलिया, साबुन, तेल, ग्लास, कप जैसी दैनिक उपयोग की चीजें होंगी। किट ग्राम सभा के फंड से तैयार कराई जाएंगी। पोलिंग पार्टियों के बूथ पर पहुंचते ही बीएलओ ये किट उन्हें उपलब्ध करा देंगे। निर्वाचन संपन्न होने के बाद बीएलओ इसे वापस लेकर ग्राम सभा को सौंप देंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी /जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी ने बताया कि पोलिंग पार्टियां मतदान से एक दिन पहले बूथ पर पहुंच जाती हैं। अक्सर उन्हें दैनिक उपयोग की चीजों के लिए परेशान होना पड़ता है। पोलिंग पार्टी में शामिल कर्मचारियों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए ये व्यवस्था की गई है।