3.10 करोड़ की अतिरिक्त आय स्वीकारी
झांसी। आयकर विभाग की छह टीमें बिल्डर और उनसे जुड़े प्रतिष्ठानों का सर्वे बृहस्पतिवार की दोपहर पूरा कर सकीं। संचालकों ने 3.10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय स्वीकार कर ली है। इस आय पर उनको 31 मार्च तक 60 लाख रुपये कर देना होगा।
आयकर विभाग की छह टीमों ने बुधवार को प्रधान आयकर आयुक्त द्वितीय जयंत मिश्र के निर्देशन व अपर आयकर आयुक्त तनवीर रोशन रहमान के नेतृत्व में यूनियन रेडियो के सदर बाजार और सीपरी बाजार स्थित प्रतिष्ठान, उनके सिविल लाइन स्थित गोदाम, क्रिश्चियन इंटर कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन इमारत मां पीताम्बरा हाइटस, पास में रहने वाले ठेकेदार लखन लाल गुप्ता के आवास, शिवपुरी मार्ग पर स्थित श्री डवलपरस (रॉयल सिटी) और चौधरयाना खोआ मंडी स्थित श्रद्धा मार्केटिंग का सर्वे किया था। उक्त सभी के संचालक संजय अरोरा, विनोद सोनी और आनंद अग्रवाल आपस में साझीदार हैं। अफसरों ने कंप्यूटर, कैश बुक, ट्र्रायल बैलेंस, मरीजों के रजिस्टर व लेजरों की जांच की। संचालकों से उनके कारोबार के लेन देन के बारे में पूछा। साथ ही, आय से संबंधित विभिन्न प्रकार के दस्तावेजों की पड़ताल की।
बृहस्पतिवार की दोपहर सर्वे कार्य पूरा हो सका। इस दौरान उक्त सभी ने 3.10 करोड़ की अतिरिक्त आय स्वीकार की। इस आय पर उनको 90 लाख रुपये टैक्स 31 मार्च तक जमा करना होगा। जांच टीम में आयकर अधिकारी एसपी सिंह, राहुल कुमार दीक्षित, मनोज पांडे, लक्ष्मी मंगतानी, आरएन वर्मा, सुनील कुमार द्विवेदी शामिल रहे।
मालूम हो कि 19 मार्च को आयकर विभाग की पांच टीमों ने मेडिकल कॉलेज स्थित डॉ. आरआर सिंह के राघवेंद्र हास्पिटल उनकी सहयोगी संस्था कनक सीटी स्कैन, डा. प्रमोद गुप्ता के वात्सल्य हास्पिटल और उनकी पत्नी रश्मि गुप्ता के नाम संचालित श्रीहरि मेडिकल स्टोर व डॉ. प्रीति गुप्ता के सेठ लक्ष्मण दास मेमोरियल हास्पिटल का भी सर्वे किया था। सर्वे के उपरांत अस्पताल संचालकों ने 2.30 करोड़ की अतिरिक्त आय स्वीकार की थी, जिस पर उन पर 70 लाख रुपये कर लगाया था।