पांच दिन इलाहाबाद तक जाएगी बुंदेलखंड एक्सप्रेस
- यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेल प्रशासन ने लिया फैसला
पहले दो जून तक निरस्त कर दिया था ट्रेन का संचालन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
इलाहाबाद से वाराणसी के बीच में इंटरलॉकिंग कार्य होने के कारण 28 मई से 02 जून तक निरस्त की गई बुंदेलखंड एक्सप्रेस को एक जून तक इलाहाबाद तक चलाया जाएगा। दो जून से यह ट्रेन फिर से वाराणसी जाने लगेगी। यात्रियों की समस्या को देखते हुए रेलवे ने यह निर्णय लिया है।
इलाहाबाद के पास जंघई- सरायकंसराय-सुरियावां रेलवे स्टेशन के पास नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण ग्वालियर से वाराणसी के बीच चलने वाली 11107/11108 बुंदेलखंड एक्सप्रेस 28 मई से दो जून तक निरस्त कर दी गई थी। इसमें ग्वालियर से चलने वाली ट्रेन का संचालन एक जून और वाराणसी से दो जून तक निरस्त था। मगर, यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे ने उक्त अवधि में ट्रेन का संचालन ग्वालियर से इलाहाबाद के बीच सोमवार से शुरू कर दिया। अपर मंडल रेल प्रबंधक संजय सिंह नेगी ने बताया कि मुख्यालय स्तर पर यात्रियों की समस्या को रखा गया। इसके बाद ही मुख्यालय ने ट्रेन को इलाहाबाद तक चलाने की अनुमति दी।
मालूम हो कि, झांसी, ग्वालियर और बुंदेलखंड के अन्य क्षेत्रों के यात्रियों के लिए इलाहाबाद और वाराणसी जाने के लिए बुंदेलखंड एक्सप्रेस बेहद अहम मानी जाती है। इस ट्रेन से प्रतिदिन ग्वालियर, झांसी, मऊरानीपुर, महोबा, बांदा स्टेशनों से पांच हजार से अधिक यात्री यात्रा करते हैं। यह कहना गलत नहीं होगा कि इस ट्रेन के अलावा इलाहाबाद और वाराणसी जाने के लिए कोई दूसरा बेहतर विकल्प यात्रियों के पास नहीं है।