झांसी। कोरोना वायरस का संक्रमण जिले में तेजी से अपनी जड़ें मजबूत करता जा रहा है। खासतौर पर ये महामारी महानगर की घनी बस्तियों में हमलावर है। कई मुहल्ले ऐसे हैं, जहां से लगातार मरीज सामने आ रहे हैं। इस पर प्रशासन ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। संक्रमण के नियंत्रण के लिए ऐसे सभी इलाकों को सील किया जा रहा है।
अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने के बाद से जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण तेज रफ्तार पकड़े हुए हैं। महानगर की पुरानी बस्तियों को इसने तेजी से अपनी गिरफ्त में लिया है। इन मुहल्लों से रोजाना नए मामले सामने आ रहे हैं। प्रशासन ने ऐसे सभी इलाकों को सील करने की तैयारी कर ली है। इन क्षेत्रों के आने जाने वाले मार्गों पर बैरियर लगाए जाएंगे। इन सभी क्षेत्रों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो व भीड़ जमा न हो, इसका भी पूरा ख्याल रखा जाएगा।
घर-घर जाकर टीम लेंगी सैंपल
झांसी। जिन इलाकों को सील किया जाएगा, उनमें मेडिकल टीमें लगातार डेरा डाले रहेंगी। वे घर-घर जाकर सैंपल एकत्र करेंगी। प्रतिदिन डेढ़ हजार सैंपल लेने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशासन की अपील है कि सभी जांच में सहयोग करें।
ये इलाके होंगे सील
झांसी। महानगर के अभी ये मुहल्ले तालपुरा, लक्ष्मणगंज, सैंयर गेट, उनाव गेट, ओरछा गेट, सुभाष गंज, पन्नालाल का हाता, वासुदेव, बिसातखाना व अलीगोल सील किए जा रहे हैं। आवश्यकता पड़ने पर कुछ और मुहल्लों को भी सील किया जा सकता है। ये सभी मुहल्ले एक सप्ताह के लिए सील किए जाएंगे।
खुली रहेंगी दुकानें
झांसी। सील किए जाने वाले सभी मुहल्लों में दुकानें खुली रहेंगी। लेकिन, व्यापारियों को सोशल डिस्टेंसिंग शत प्रतिशत अनुपालन करना होगा। सभी को मास्क पहनना होगा और बेवजह घर से बाहर निकलने से बचना होगा। इसकी कड़ी निगरानी की जाएगी।
ऐसे सभी मुहल्ले जहां कोरोना के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, उन्हें सील किया जा रहा है। यहां मेडिकल टीम घर-घर जाकर नमूने एकत्र करेंगी। प्रतिदिन डेढ़ हजार नमूने एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। लोग मेडिकल टीमों का सहयोग करें।
- आंद्रा वामसी, जिलाधिकारी